samacharsecretary.com

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो को मिली रफ्तार, सेक्टर-9 से DLF साइबर सिटी तक जल्द जारी होगा टेंडर

पंचकूला ओल्ड गुरुग्राम के लिए मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण की टेंडर प्रकिया को नायब सरकार ने अनुमति दे दी है। उम्मीद है कि दस दिनों के अंदर गुरुग्राम मेट्रो रेल कारपोरेशन (जीएमआरएल) टेंडर से जुड़ी सभी प्रकिया पूरी करने के बाद टेंडर जारी कर देगा। दूसरे चरण में मेट्रो के लिए सेक्टर नौ से डीएलएफ साइबर सिटी तक के लिए मेट्रो लाइन बिछाई जानी है। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के तहत 30.5 किलोमीटर लंबा मेट्रो मार्ग तैयार होना है। दोनों चरण में 28 मेट्रो स्टेशन बनने हैं। पहले चरण के तहत मिलेनियम सिटी सेंटर, सेक्टर-45, यूनिटेक साइबर पार्क, सेक्टर-37, सेक्टर-101, सेक्टर-नौ समेत अन्य मेट्रो स्टेशन का निर्माण होना। दूसरे चरण में 15.3 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन बिछाने में करीब 1662 करोड़ खर्च होने का अनुमान है। कुछ इलाकों में जगह कम होने तथा ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए डबल डेकर लाइन होगी। एलिवेटेड रोड बनेगी जिस पर वाहन चलेंगे, इसके ऊपर से मेट्रो ट्रैक बनाया जाएगा जिस पर मेट्रो चलेगी। यह व्यवस्था पालम विहार और कृष्णा चौक सुशील एमा मार्ग, ओल्ड दिल्ली रोड तथा कुछ अन्य इलाकों में होगी। पहले और दूसरे चरण को मिलाकर ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के तहत कुल 28 मेट्रो स्टेशन बनाए जाने हैं। दूसरे चरण में यहां बनेंगे स्टेशन सेकेंड फेज में सेक्टर-7, सेक्टर-4, सेक्टर-5, रेलवे स्टेशन, अशोक विहार, सेक्टर-3, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार, सेक्टर-23ए, सेक्टर-22, सेक्टर-21, उद्योग विहार फेज-एक और डीएलएफ साइबर सिटी में मेट्रो स्टेशन बनेंगे।  

JSSC CGL केस में अब तक 38 गिरफ्तार, अभ्यर्थियों की सेटिंग और पैसे लेने के आरोप में बोकारो से गिरफ्तारी

 रांची झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा में कथित पेपर लीक, अनियमितता आदि से जुड़े मामले की जांच कर रही सीआईडी ने बोकारो से एक अन्य आरोपित को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित मिथिलेश कुमार पांडेय है। यह बोकारो के हरला थाना क्षेत्र के फ्लैट नंबर 106, ब्लॉक नंबर 1 का निवासी है। गिरफ्तार मिथिलेश कुमार पांडेय भी परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी मिथिलेश सिंह का करीबी है। इस पर आरोप है कि इसने भी तीन-चार अभ्यर्थियों की सेटिंग की, उन्हें बोकारो के दुग्धा स्थित उसी गुप्त सेंटर पर ले गया और प्रश्न व उत्तर रटवाया, जहां मास्टरमाइंड अभय कुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने प्रश्न व उत्तर रटे थे। मिथिलेश कुमार पांडेय ने उक्त अभ्यर्थियों से मोटी रकम भी वसूली थी, जिससे संबंधित साक्ष्य सीआईडी को मिले हैं। सीआईडी ने उन्हें रांची में पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार किया है। सीआईडी एक दिन पहले मिथिलेश सिंह के रिश्तेदार रितेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया था, जिसपर 30 से अधिक अभ्यर्थियों की सेटिंग करने, उन्हें बोकारो के दुग्धा में ले जाकर प्रश्न व उत्तर रटवाने का आरोप था। दो दिनों के भीतर बोकारो से सीआईडी ने दो गिरफ्तारियां कर ली है। दोनों पर अभ्यर्थियों से पैसे लेकर उनकी सेटिंग कराने का आरोप है। सेटिंग से मिले पैसे दोनों ने आइसीएन के संचालक मिथिलेश सिंह तक पहुंचाया था। आईसीएन के दो कर्मियों की गिरफ्तारी सीआईडी ने परीक्षा संचालन से जुड़े दो कर्मियों सोमांश प्रकाश व राहुल की गिरफ्तारी की थी। दोनों से रिमांड पर पूछताछ में परीक्षा में अनियमितता से जुड़े सिंडिकेट के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद ही सीआईडी उस सिंडिकेट के संदिग्धों का पहले सत्यापन कर रही है और सत्यापन में उनकी संलिप्तता उजागर होते ही उन्हें गिरफ्तार कर रही है। जेएसएससी सीजीएल केस में अब तक 38 गिरफ्तार जेएसएससी सीजीएल प्रतियोगिता परीक्षा मामले में सीआईडी ने एक जनवरी 2025 को सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद से ही सीआईडी की जांच चल रही है। अब तक इस केस में सीआईडी ने 38 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें 16 आरोपित गत वर्ष गिरफ्तार किए गए थे। इस वर्ष नए सिरे से जांच के क्रम में सीआईडी ने 22 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें सर्वाधिक आरोपित सफल अभ्यर्थी हैं। सफल अभ्यर्थियों में कई एजेंट की भूमिका में भी थे, अपना भी सेटिंग कराया और दूसरे के लिए भी प्रयास किया। सभी गिरफ्तार आरोपित रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद हैं।

44 साल बाद गोल्ड जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम को तोहफा, CM माझी ने किया ₹11 लाख का ऐलान

 भुवनेश्वर  जापान के आईची नागोया में चल रहे एशियन गेम्‍स 2026 में भारत की महिला हॉकी टीम ने गोल्ड जीतकर पूरे देश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे देश में खुशी और आम जनता से लेकर नेताओं तक ने खिलाड़ियों का होसला बढ़ाया। इस बीच ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भारतीय महिला हॉकी टीम के हर खिलाड़ी के लिए ₹11 लाख और सपोर्टिंग स्टाफ के लिए ₹5.5 लाख के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। ओडिशा सरकार हॉकी टीम को सपोर्ट करती रही है। अब इस उपलब्धि पर खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री ने टीम को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, दृढ़ संकल्प और प्रतिबद्धता के लिए बधाई दी और कहा कि इससे देश को बहुत गर्व हुआ है। उन्होंने कहा कि ओडिशा सरकार भारतीय हॉकी के साथ मजबूती से खड़ी है और खेल उत्कृष्टता का समर्थन और पोषण करने के लिए प्रतिबद्ध है। 44 साल बाद मिला गोल्ड वर्ल्ड रैंकिंग में 8वें नंबर पर मौजूद भारतीय महिला हॉकी टीम ने फाइनल में वर्ल्ड रैंकिंग में चौथे नंबर पर मौजूद मौजूदा एशियाई चैंपियन चीन की टीम को 1-0 से हराकर 44 साल बाद सोना जीता। भारतीय महिला टीम ने इस गोल्ड के साथ लंबे वक्त का सूखा दूर कर दिया है। एशियाई खेलों में भारत ने इकलौता गोल्‍ड 1982 में दिल्ली में जीता था। तब महिला हॉकी को पहली बार इन गेम्‍स में शामिल किया गया था। उसके बाद से भारत 1998 और 2018 में फाइनल में पहुंचा, लेकिन 1998 में दक्षिण कोरिया और 2018 में जापान से हार मिली। रेत कलाकार मानस कुमार साहू ने कला से दी बधाई ओडिश के फेमस सैंड आर्टिस्ट मानस कुमार साहू ने रेत से पेंटिंग बनाकर महिला टीम को बधाई दी है। उनकी कलाकृति पूरे सोशल मीडिया में वायरल है।      इसमें महिला खिलाड़ियों का चित्र उकेरा गया है। इसके साथ ही बधाई देते हुए उन्होंने लिखा है- भारतीय हॉकी की रानियों को सलाम  

गयाजी से पहले पुनपुन नदी में पहला पिंडदान, देश-विदेश से सिरिस घाट पहुंचे श्रद्धालु

औरंगाबाद  बारुण थाना क्षेत्र में सिरिस गांव के पास जीटी रोड किनारे पुनपुन नदी श घाट पर शनिवार को पिंडदानियों की भीड़ रही। गयाजी में पिंडदान की परंपरा के बीच पुनपुन नदी में पहला पिंडदान करने की श प्राचीन परंपरा है। इसी मान्यता के कारण हर वर्ष देश-विदेश से बड़ी संख्या में पिंडदानी जिले के सिरिस और जम्होर के पुनपुन घाट पर पहुंचकर अपने पूर्वजों का प्रथम पिंडदान और तर्पण करते हैं। इसके बाद गयाजी के लिए रवाना होते हैं। मान्यता है कि वाराणसी की ओर से जीटी रोड के रास्ते गयाजी जाने वाले पिंडदानी सबसे पहले पुनपुन नदी में पिंडदान करते हैं। शनिवार को उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर से पहुंचे विक्रम लोधी और लवडू लोधी, संत कबीर नगर के रामप्रकाश तिवारी, जौनपुर के देवरिया निवासी सच्चिदानंद पांडेय, गोरखपुर के प्रदीप अग्रवाल तथा मध्य प्रदेश के भोपाल से पहुंचे आयकर अधिकारी सत्यप्रकाश कुमार समेत कई पिंडदानियों ने यहां अपने पूर्वजों का पिंडदान और तर्पण किया। पिंडदानियों ने बताया कि सनातन परंपरा में पुनपुन नदी में प्रथम पिंडदान का विशेष महत्व है। यहां पिंडदान करने से पूर्वजों को मोक्ष और उनकी आत्मा को शांति मिलती है। पिंडदानियों ने कहा कि सिरिस घाट का धार्मिक महत्व काफी अधिक है, लेकिन यहां सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। घाट को लंबा और सुरक्षित बनाने के साथ श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए बड़े धर्मशाला का निर्माण कराने की जरूरत है। अपने माता-पिता का तर्पण करने पहुंचे रोहतास के डीआइजी डॉ. सत्यप्रकाश ने भी पुनपुन में तर्पण किया और महत्व को बताया। उन्होंने कहा कि पुनपुन में प्रथम बेदी है और यहां पिंडदान करने के बाद ही श्रद्धालु गयाजी जाते हैं। शनिवार को गृह विभाग समेत अन्य मंत्रालयों के अधिकारियों के स्वजन भी सिरिस घाट पर पिंडदान करने पहुंचे थे। सुबह से ही घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। पिंडदान कराने वाले दयालपुर गांव निवासी पंडा प्रिंस तिवारी ने बताया कि गयाजी में पिंडदान करने वाले पिंडदानी पहला पिंडदान पुनपुन में ही करते हैं।

प्रियंका कक्कड़ ने थामा कांग्रेस का हाथ, राहुल गांधी की तारीफ में कही ये बड़ी बात

नई दिल्ली आम आदमी पार्टी को शनिवार को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ AAP छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गई है। कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रियंका कक्कड़ ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि अगर कोई एक नेता ऐसा है जो अपने विचारों को खुलकर सामने रखने से डरता नहीं है, तो वह राहुल गांधी हैं। मैंने देखा है कि वह आज ऐसे इकलौते नेता हैं, जिन्होंने कैमरों के सामने आंसू नहीं बहाए। प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि वह बेहद दृढ़ हैं। मैंने देखा है कि किस तरह उन्हें अपमानित किया गया और उन्हें कमजोर करने के लिए पूरी व्यवस्था को उनके खिलाफ लगा दिया गया। इसके बावजूद राहुल गांधी और कांग्रेस डटे रहे। उनकी प्रामाणिकता ही उनकी आत्मा है। मैंने देखा कि इस पार्टी में भी एक आत्मा है, जो मुझे दूसरी पार्टियों में नजर नहीं आई। और मैं यह बात अपने व्यक्तिगत अनुभव के आधार पर कह रही हूं। आम आदमी पार्टी को लेकर क्या कहा? इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी को लेकर भी बयान दिया। प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि एक समय कहा जाता था कि आम आदमी पार्टी सरकारी बंगला या कार नहीं लेगी। लेकिन बाद में निजी यात्राओं के लिए हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल होने लगा और ऐसी स्थिति में मेरे लिए उन चीजों का बचाव करना मुश्किल हो गया, जिनका बचाव किया ही नहीं जा सकता था। उन्होंने कहा कि मैंने तब अपनी एक सीमा तय कर ली, जब मैंने देखा कि आम आदमी पार्टी, जिसने एक समय बड़ी क्षमता और बुद्धिमत्ता वाले लोगों को आकर्षित किया था, अब उन्हें अपने साथ बनाए रखने में सक्षम नहीं है। अब किन लोगों को पार्टी में लाया जा रहा है? ऐसे नए लोगों को, जिन्होंने बूथ स्तर तक पर काम नहीं किया है, राजस्थान से लाकर पंजाब में बड़े पद दिए जा रहे हैं और उन्हें बंगले और गाड़ियां दी जा रही हैं। आखिर मैं कब तक ऐसी चीजों का बचाव करती रहूंगी, जिनका बचाव करना संभव नहीं है? प्रियंका ने कहा कि मैंने यह भी देखा है कि राहुल गांधी लगातार ‘गद्दार ज्ञानेश कुमार’ के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। उन्होंने हम सभी को इस मुद्दे के बारे में जागरूक किया है। हमें जनता को यह बताना होगा कि उनके अनुसार हमारा एकमात्र वोट देने का अधिकार ज्ञानेश कुमार द्वारा छीना जा रहा है और उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खाते में डाला जा रहा है। इसे रोकना होगा। उन्होंने कहा कि इसलिए अब हम सभी को साथ आकर कांग्रेस और राहुल गांधी का समर्थन करना चाहिए, ताकि भारत के विचार को जीवित रखने के लिए उनकी इस लड़ाई का समर्थन किया जा सके।

बस्तर में बाढ़ का कहर, 300 से ज्यादा गांव प्रभावित; फसल नुकसान पर किसानों को मिलेगा मुआवजा

बस्तर बस्तर संभाग में पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश, अनर्ब तूफान और ओडिशा स्थित इंद्रावती जलाशय से अचानक छोड़े गए पानी ने खेती-किसानी को भारी चोट पहुंचाई है। प्राकृतिक आपदा और बाढ़ के दोहरे प्रकोप से क्षेत्र में लाखों एकड़ में लगी फसलें तबाह हो चुकी हैं। एक शुरुआती अनुमान के मुताबिक, 23 से 26 सितंबर के बीच आई इस भीषण आपदा से संभाग में करीब 4 हजार हेक्टेयर में लगी धान की फसल को भारी नुकसान हुआ है, जबकि 300 से अधिक गांव इससे सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। अचानक आई बाढ़ और तूफानी स्थिति के कारण खेत के खेत जलमग्न हो गए, जिससे पकाने की ओर बढ़ रही धान की फसल सड़ने की कगार पर है। फसलों के अलावा दर्जनों कच्चे-पक्के मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं और कई मवेशी पानी के तेज बहाव में बह गए हैं। इससे स्थानीय ग्रामीणों व छोटे व्यापारियों का जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रभावित किसानों को 10 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजा बाढ़ और आपदा से हुए नुकसान को देखते हुए राज्य सरकार ने राहत उपायों की गति बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की है कि जिन किसानों की फसलें पूरी तरह से नष्ट हुई हैं, उन्हें प्रति एकड़ 10000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, जिन लोगों के मकान ढह गए हैं, उन्हें नया मकान बनाने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे। फिलहाल राजस्व विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का त्वरित सर्वे कर रही हैं, जिसके पूरा होते ही पीड़ितों के खातों में मुआवजा राशि वितरित की जाएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र से मांगा विशेष राहत पैकेज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री व एनडीएमए अध्यक्ष सीआर पाटिल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा को पत्र लिखकर प्रभावितों के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग की है। उन्होंने कहा कि नष्ट हुई खरीफ फसलों के लिए किसानों को एनडीआरएफ मद से तुरंत विशेष राहत राशि स्वीकृत की जाए। बेघर हुए परिवारों को 'पीएम आवास योजना' के तहत नया मकान मिले। बह गए मवेशियों व छोटे दुकानदारों को सर्वे कराकर सीधे डीबीटी से मुआवजा दिया जाए। जोरा नाला में जल विचलन रोकने के लिए आधुनिक हाइड्रोलॉजिकल अध्ययन कराकर नया व संशोधित डीपीआर तैयार हो। नदियों के तटवर्ती क्षेत्रों में पौधरोपण व पक्के तटबंध बनाए जाएं और जगदलपुर शहर के लिए एकीकृत स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाए।

योगी सरकार का बड़ा तोहफा, 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के खातों में पहुंची स्कॉलरशिप; जानें किसे कितना मिला

लखनऊ सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार की सुबह उत्तर प्रदेश के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के बैंक खाते में एक क्लिक से स्कॉलरशिप भेज दी। लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 के पहले स्कॉलरशिप न तो समय पर मिलती थी और न ही पूरी। भ्रष्टाचारी लोग छात्रों की स्कॉलरशिप डकार जाते थे। बाबू जब स्कॉलरशिप छात्र को देता था तो उसमें से अपना कमीशन काट लेता था। उन्होंने बताया कि पहले प्रदेश में सिर्फ 2900 करोड़ रुपए की धनराशि स्कॉलरशिप में जाती थी। आज हम लोग 6200 रुपए स्कॉलरशिप में मुहैया करा रहे हैं। यानी दोगुने से भी ज्यादा। सीएम योगी ने कहा कि आज एडमिशन लेने के बाद ही स्कॉलरशिप छात्रों को भेज दी जाती है। 2 अक्टूबर को बैंक बंद होने के नाते आज 3 अक्टूबर को स्कॉलरशिप ट्रांसफर की गई है। सीएम योगी ने संबंधित विभागों से कहा कि कोई भी बच्चा स्कॉलरशिप से वंचित न रहने पाए। सीएम योगी ने कहा कि पिछले साल संस्था की गलती, छात्र द्वारा देरी से आवेदन या किसी अन्य त्रुटि की वजह से यदि स्कॉलरशिप नहीं मिल पाई तो हम उसे भी स्कॉलरशिप मुहैया करा रहे हैं। सीएम योगी ने कहा कि सरकार चाहती है कि किसी भी छात्र की पढ़ाई पैसे के अभाव में बाधित नहीं हो। स्कॉलरशिप हर छात्र का संबंल बनेगी। उन्होंने बताया कि सरकार सभी वर्गों के छात्रों को स्कॉलरशिप मुहैया करा रही है। यह केवल स्कॉलरशिप तक सीमित नहीं है। आपकी पीढ़ी सौभाग्यशाली है कि आप यूपी के अंदर ऐसे समय में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं जब आपके सामने पहचान का संकट नहीं है। 2017 के पहले यूपी के युवाओं को यूपी के बाहर जाने पर लोग यूपी वाला कहकर किनारे कर देते थे। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले यूपी में अक्सर दंगे-कर्फ्यू लगते थे। बच्चे पढ़ाई छोड़ देते थे। सरकार कहती थी की उनकी रुचि ही नहीं। हमने अध्ययन कराया तो पता चला कि ज्यादातर बच्चियां स्कूल छोड़ती हैं क्योंकि स्कूल में पीने का पानी और टायलेट भी नहीं है। हमने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग टायलेट की व्यवस्था कराई। पीने के पानी और अन्य सुविधाओं का इंतजाम किया। आज के दिन में बेसिक शिक्षा के 1.60 करोड़ बच्चों को हम कॉपी-किताब, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे आदि का भी इंतजाम कर हैं। अटल विद्यालयों में अनाथ बच्चों का पालन पोषण करने के साथ ही सरकार उनकी अच्छी पढ़ाई-लिखाई भी करा रही है। कस्तूरबा विद्यालयों में इंटर तक की पढ़ाई की व्यवस्था की जा रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 65.95 लाख+ छात्र-छात्राओं को 4793 करोड़+ की छात्रवृति/ शुल्क प्रतिपूर्ति डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए से ट्रांसफर की गई है। किस वर्ग के कितने बच्चों को मिली स्कॉलरशिप अन्य पिछड़ा वर्ग 2,23,615 60.01 करोड़ रुपए अनूसूचित वर्ग 1,59,959 64.54 करोड़ रुपए सामान्य वर्ग 38, 084 11.43 करोड़ रुपए

बस्तर में पहली बार टाइगर प्रोटेक्शन पर बड़ी पहल, वनकर्मियों को दिया गया खास प्रशिक्षण

बस्तर में पहली बार संभाग स्तरीय टाइगर प्रोटेक्शन कार्यशाला का आयोजन वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में वन कर्मियों को मिला विशेष प्रशिक्षण ​रायपुर,  वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप के विशेष मार्गदर्शन और निर्देशानुसार, बस्तर संभाग में वन्यप्राणियों के संरक्षण और उनकी प्रभावी मॉनिटरिंग को लेकर एक महत्वपूर्ण संभाग स्तरीय कार्यशाला की शुरुआत हुई है। वन विद्यालय, जगदलपुर में आयोजित इस दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान प्रबंधन द्वारा किया जा रहा है। संभाग स्तर पर इस तरह की कार्यशाला का आयोजन पहली बार किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य मैदानी स्तर पर काम करने वाले वन कर्मचारियों की कार्यक्षमता को बढ़ाना है। ​विशेषज्ञों ने दी बाघ संरक्षण और ट्रैकिंग की बारीकियां प्रशिक्षण सत्र के दौरान राज्य वन्यजीव बोर्ड के सदस्य गौरव निलानी और एसडीओ योगेश रात्रे ने प्रेजेंटेशन के जरिए वन कर्मियों को वन्यजीव संरक्षण के गुर सिखाए। प्रशिक्षण में मुख्य रूप से कई विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। ​बाघ की विशेषताएं, उनका रहन-सहन, क्षेत्र (Territory) की पहचान और उनका व्यवहार। ​बाघ और तेंदुए के पगमार्क (पैर के निशान) तथा अन्य फील्ड साइन्स  में अंतर करना। ​नर और मादा बाघ की पहचान, पगमार्क के पैड इंप्रेशन और फोटोग्राफिक पहचान की तकनीक। ​बाघ के शिकार करने के तरीके, खरोंच के निशान और क्षेत्रीय मार्किंग की पहचान। ​कैमरा ट्रैप और मैदानी निगरानी की आधुनिक तकनीकें। वन्यजीव अपराधों को रोकने और मुखबीर तंत्र को मजबूत करने के उपाय। ​ कार्यशाला के पहले दिन सैद्धांतिक जानकारी देने के बाद सभी प्रतिभागियों की एक परीक्षा भी आयोजित की गई, ताकि सीखे गए ज्ञान का आकलन किया जा सके। इस आयोजन का दूसरे दिन  फील्ड विजिट और प्रैक्टिकल एक्सरसाइज करवाया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों को जंगल में जाकर पगमार्क और अन्य वन्यजीव संकेतों की पहचान करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। ​कार्यशाला में मुख्य वन संरक्षक (बस्तर) सुस्टाइलो मंडावी, मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) उत्तम गुप्ता, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के निदेशक गौतम नारायण पड़ीभार सहित वन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

EV सेक्टर को मिलेगी रफ्तार, Tata AutoComp और Bosch के जॉइंट वेंचर को यूरोपीय आयोग की मंजूरी

 जमशेदपुर यूरोपीय आयोग ने टाटा संस के नियंत्रण वाली कंपनी टाटा ऑटो कॉम्प सिस्टम्स और जर्मनी की दिग्गज रोबर्ट बॉश के बीच भारत में प्रस्तावित संयुक्त उपक्रम को औपचारिक मंजूरी दे दी है। दोनों कंपनियां मिलकर भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार के लिए उन्नत इलेक्ट्रिक एक्सल और इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन मोटर का निर्माण करेंगी। ईवी क्रांति को गति देगा नया उपक्रम यूरोपीय आयोग ने विलय नियमों के तहत जांच के बाद पाया कि इस साझेदारी से यूरोपीय आर्थिक क्षेत्र में बाजार प्रतिस्पर्धा पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा, इसलिए इसे सरलीकृत समीक्षा प्रक्रिया के तहत मंजूरी प्रदान की गई। इस नए उपक्रम में दोनों कंपनियों की पचास-पचास प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। इसका मुख्यालय पुणे में स्थापित किया जा रहा है। रोबर्ट बॉश की वैश्विक इलेक्ट्रिक पावरट्रेन तकनीक और टाटा ऑटो कॉम्प के व्यापक घरेलू आपूर्ति नेटवर्क का यह संगम भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों के कलपुर्जों की स्थानीय उपलब्धता को तेजी से बढ़ाएगा। जमशेदपुर प्लांट को मिलेगा सीधा फायदा लौहनगरी जमशेदपुर के लिए यह वैश्विक साझेदारी बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी। जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स का प्लांट देश में भारी व मध्यम वाणिज्यिक वाहनों के निर्माण का सबसे बड़ा केंद्र है। कंपनी यहां से इलेक्ट्रिक ट्रकों और अत्याधुनिक बसों के उत्पादन को बड़े पैमाने पर विस्तार दे रही है। अब तक इलेक्ट्रिक एक्सल और आधुनिक ड्राइवट्रेन जैसे जटिल कलपुर्जों के लिए काफी हद तक वैश्विक आयात पर निर्भर रहना पड़ता था। देश के भीतर ही इन प्रमुख कलपुर्जों के निर्माण से कलपुर्जों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित होगी और आयात पर निर्भरता खत्म होगी। घरेलू स्तर पर घटेंगी लागत जमशेदपुर में तैयार होने वाले टाटा मोटर्स के इलेक्ट्रिक कॉमर्शियल वाहनों को अब विश्व स्तरीय तकनीक बेहद किफायती दरों पर मिल सकेगी। इससे वाहनों की कुल उत्पादन लागत घटेगी और बाजार में उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी। साथ ही, इस बड़े तकनीकी बदलाव से जमशेदपुर और आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की सहायक ऑटो इकाइयों के लिए भी आपूर्ति के नए अवसर खुलेंगे।  

भारत का वेस्टइंडीज पर पलटवार, केएल राहुल ने 129 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को 351 तक पहुंचाया

नई दिल्ली केएल राहुल की नाबाद शतकीय पारी (129 रन) और रोहित शर्मा के शानदार अर्धशतक के दम पर भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में धमाकेदार प्रदर्शन किया है. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 351 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया है. मुकाबले की शुरुआत में वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जेडन सील्स ने भारतीय टीम को शुरुआती झटके दिए. सील्स ने शुभमन गिल (1 रन) और विराट कोहली (0) को जल्दी आउट कर भारत को दबाव में ला दिया था. इसके बाद सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने मोर्चा संभाला और बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 92 रनों की शानदार पारी खेली.  तीसरे वनडे मुकाबले से जुड़ी अपडेट्स के लिए पेज को रिफ्रेश करते रहिए… अपनी इस पारी के दौरान रोहित ने 10 चौके और 3 छक्के जड़े. इसी के साथ 'हिटमैन' रोहित ने वनडे क्रिकेट में बतौर ओपनर सबसे तेज 10,000 रन पूरे करने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. रोहित के आउट होने के बाद रुतुराज गायकवाड़ (57 रन) ने भी अर्धशतकीय पारी खेलकर पारी को आगे बढ़ाया. बीच के ओवरों में कुछ जल्दी विकेट जरूर गिरे, लेकिन विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल ने एक छोर को मजबूती से संभाले रखा और अपनी बेहतरीन फॉर्म का प्रदर्शन करते हुए 87 गेंदों पर नाबाद 129 रनों की धमाकेदार पारी खेली. अंत में अंशुल कंबोज (17 रन) और नमन धीर (30 रन) ने भी उपयोगी योगदान देकर टीम के स्कोर को 350 के पार पहुंचाया. कैरेबियन टीम के लिए गेंदबाजी में जेडन सील्स सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने शुरुआती झटके देकर भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया. अब वेस्टइंडीज के सामने इस विशाल लक्ष्य को हासिल करने की कड़ी चुनौती होगी. तीसरे वनडे में भारत की प्लेइंग-11: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अंशुल कम्बोज, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और गुरनूर बरार. तीसरे वनडे में वेस्टइंडीज की प्लेइंग-11: जॉन कैम्पबेल, ज्वेल एंड्रयू, शाई होप (कप्तान/विकेटकीपर), आमिर जंगू, शेरफेन रदरफोर्ड, कीमो पॉल, मैथ्यू फोर्ड, अल्जारी जोसेफ, जेडन सील्स, विटेल लॉज और गुडाकेश मोती. भारत का स्क्वॉड: रोहित शर्मा, शुबमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, रवींद्र जडेजा, आकिब नबी, गुरनूर बरार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, नीतीश कुमार रेड्डी और अंशुल कम्बोज. वेस्टइंडीज का स्क्वॉड: जॉन कैम्पबेल, कीसी कार्टी, शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), आमिर जंगू, शेरफेन रदरफोर्ड, रोस्टन चेज, कीमो पॉल, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, जेडन सील्स, विटेल लॉज, गुडाकेश मोती, मैथ्यू फोर्ड और ज्वेल एंड्रयू.