samacharsecretary.com

ग्रीन कैंपस की ओर कदम: बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी में IIT मॉडल पर शुरू हुए ई-रिक्शे

भोपाल  बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू) परिसर को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। ग्रीन कैंपस अभियान के तहत विश्वविद्यालय को 5 ई-रिक्शे मिले हैं, जिनसे अब कैंपस के भीतर आवाजाही आसान, सस्ती और प्रदूषण मुक्त होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन का लक्ष्य बीयू परिसर को आईआईटी की तर्ज पर विकसित करना है, जहां हरित परिवहन को प्राथमिकता दी जाए। अब तक छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को परिसर के भीतर लंबी दूरी तय करने के लिए निजी वाहनों या ऑटो पर निर्भर रहना पड़ता था। इससे न सिर्फ ईंधन की खपत बढ़ती थी, बल्कि प्रदूषण भी। ई-रिक्शा संचालन शुरू होने से कार्बन उत्सर्जन घटेगा और कैंपस में सुरक्षित व सुविधाजनक परिवहन विकल्प उपलब्ध होगा। एसबीआई का सहयोग, सीएसआर से मिली सौगात कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के तहत स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने बीयू को 5 ई-रिक्शे उपलब्ध कराए।  एसबीआई के महाप्रबंधक कुंदन ज्योति ने कुलगुरु प्रोफेसर एस.के. जैन को ई-रिक्शों की चाबियां सौंपीं। इस मौके पर कुल सचिव डॉ. अनिल शर्मा, डीजीएम साई कृष्णश्रीधर, फाइनेंस कंट्रोलर सगीरा सिद्दीकी और एसबीआई शाखा प्रबंधक पूजा गोयल भी मौजूद रहीं। साइकिल संस्कृति को भी मिलेगा बढ़ावा यह भी घोषणा की गई कि परिसर को और हरित बनाने के लिए विश्वविद्यालय को 15 साइकिलें दी जाएंगी। कुलगुरु प्रोफेसर एस.के. जैन ने बताया कि आने वाले समय में अलग–अलग विभागों में साइकिल उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि छात्र और कर्मचारी छोटी दूरी के लिए साइकिल का उपयोग कर सकें। ग्रीन कैंपस की ओर मजबूत कदम ई-रिक्शा और साइकिल के जरिए बीयू प्रशासन न केवल परिवहन व्यवस्था सुधार रहा है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा दे रहा है। यह पहल विश्वविद्यालय को आईआईटी जैसे आधुनिक, स्वच्छ और हरित शैक्षणिक परिसरों की कतार में खड़ा करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।  

भारतीय सेना की सोशल मीडिया पॉलिसी में बड़ा बदलाव, जवानों की इंस्टाग्राम पोस्टिंग पर रोक

नई दिल्ली  भारतीय सेना ने सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर अपनी नीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब सेना के जवान और अधिकारी इंस्टाग्राम का उपयोग केवल देखने और निगरानी के उद्देश्य से कर सकेंगे। वे किसी भी प्रकार की पोस्ट नहीं कर पाएंगे और न ही किसी पोस्ट को लाइक या उस पर टिप्पणी कर सकेंगे। सूत्रों के मुताबिक, डिजिटल गतिविधियों को लेकर सेना के लिए पहले से लागू सभी अन्य नियम यथावत रहेंगे। सूत्रों ने बताया कि ये निर्देश सेना की सभी यूनिटों और विभागों को जारी कर दिए गए हैं। इसका उद्देश्य सैनिकों को सोशल मीडिया पर मौजूद सामग्री को देखने, उससे अवगत रहने और सूचनाएं जुटाने की सीमित अनुमति देना है, ताकि वे फर्जी या भ्रामक कंटेंट को पहचान सकें। नई व्यवस्था के तहत, सैनिक यदि सोशल मीडिया पर किसी फर्जी, भ्रामक या संदिग्ध पोस्ट को देखते हैं तो वे उसकी जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दे सकेंगे। इससे सूचना युद्ध और दुष्प्रचार के खिलाफ सेना की आंतरिक सतर्कता को मजबूत करने में मदद मिलेगी। भारतीय सेना समय-समय पर फेसबुक, एक्स (पूर्व में ट्विटर) और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के इस्तेमाल को लेकर दिशा-निर्देश जारी करती रही है। सुरक्षा कारणों से पहले इन पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए थे। हनी ट्रैप और सूचना लीक के चलते सख्ती इन सख्त नियमों की पृष्ठभूमि में ऐसे कई मामले सामने आए थे, जिनमें विदेशी एजेंसियों द्वारा बिछाए गए ‘हनी ट्रैप’ में फंसकर कुछ सैनिकों से अनजाने में संवेदनशील जानकारियां लीक हो गई थीं। इसी को देखते हुए सोशल मीडिया पर नियंत्रण को आवश्यक माना गया। हाल ही में भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने चाणक्य डिफेंस डायलॉग के दौरान सेना कर्मियों के सोशल मीडिया उपयोग को लेकर अपने विचार साझा किए थे। कार्यक्रम के दौरान उनसे पूछा गया कि जेनरेशन-Z के युवा सेना में आना चाहते हैं, लेकिन सेना और सोशल मीडिया के बीच एक विरोधाभास दिखाई देता है। इस पर जनरल द्विवेदी ने कहा, “यह वास्तव में एक चुनौती है। जब युवा कैडेट NDA आते हैं, तो सबसे पहले अपने कमरों में छिपे फोन ढूंढते हैं। उन्हें यह समझाने में तीन से छह महीने लगते हैं कि फोन के बिना भी जीवन है।” हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आज के दौर में स्मार्टफोन एक अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा, “मैं सैनिकों को स्मार्टफोन से कभी मना नहीं करता। हम अक्सर फील्ड में रहते हैं। बच्चे की स्कूल फीस भरनी हो, माता-पिता की तबीयत जाननी हो या पत्नी से बात करनी हो, ये सब फोन के जरिए ही संभव है।” सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देने को लेकर सेना प्रमुख ने कहा कि ‘रिएक्ट करना’ और ‘रिस्पॉन्ड करना’ दो अलग बातें हैं। उन्होंने बताया, “रिएक्ट करना मतलब तुरंत जवाब देना, जबकि रिस्पॉन्ड करना मतलब सोच-समझकर जवाब देना। हम नहीं चाहते कि हमारे सैनिक जल्दबाजी में किसी बहस में उलझें। इसलिए उन्हें एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर सिर्फ देखने की अनुमति दी गई है, जवाब देने की नहीं।” पहले भी लग चुके हैं कड़े प्रतिबंध 2017 में तत्कालीन रक्षा राज्य मंत्री सुभाष भामरे ने संसद को बताया था कि ये दिशा-निर्देश सूचनाओं की सुरक्षा और उनके दुरुपयोग को रोकने के लिए बनाए गए हैं। 2019 तक सेना के जवान किसी भी सोशल मीडिया ग्रुप का हिस्सा नहीं बन सकते थे। 2020 में नियम और सख्त किए गए और सैनिकों को फेसबुक व इंस्टाग्राम समेत 89 मोबाइल ऐप्स हटाने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, इसके बावजूद सेना ने कुछ प्लेटफॉर्म्स जैसे फेसबुक, यूट्यूब, एक्स, लिंक्डइन, क्वोरा, टेलीग्राम और व्हाट्सऐ के सीमित इस्तेमाल की अनुमति दी, वह भी कड़े निगरानी तंत्र के तहत।  

बसपा परिवार में खुशियों की बहार: आकाश आनंद के घर नन्हीं परी का आगमन, मायावती ने दी बधाई

लखनऊ  बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के परिवार से एक खुशखबरी सामने आई है। बसपा के राष्ट्रीय संयोजक और मायावती के भतीजे आकाश आनंद के घर बच्ची के रूप में एक नई सदस्य का आगमन हुआ है। मायावती ने सोशल मीडिया के जरिए खुद ही इस बात की जानकारी दी है। वहीं, इस खबर के बाद बसपा समर्थकों और परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। मायावती ने सोशल मीडिया एक्स लिखा, "बसपा के राष्ट्रीय संयोज आकाश आनन्द को पुत्री के रूप में परिवार में नई सदस्य की प्राप्ति पर सभी लोगों में खुशी की लहर है। उनके लिए इससे भी ज़्यादा हर्ष व गौरव की बातयह है कि श्री आकाश ने अपनी बेटी को माननीय बहनजी की तरह ही बहुजन समाज के मिशन के प्रति समर्पित करने के लिये तैयार करने की इच्छा व्यक्त की है, जिसका भरपूर स्वाग है। मां और बेटी दोनों पूरी तरह से स्वस्थ हैं।" बांग्लादेश में हुई हिंसा पर जताई चिंता मायावती ने एक अन्य पोस्ट में बांग्लादेश में हुई हिस्सा पर चिंता जताई। उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर लिखा, "अपने पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिन्दू अल्पसंख्यकों के जान, माल व मज़हब को जिस प्रकार से साम्प्रदायिक हिंसा का शिकार बनाकर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। उससे अपने देश में ही नहीं बल्कि अन्यत्र भी चिन्ता की लहर है। अभी हाल ही में वहां एक दलित युवक की जिस प्रकार से नृशंस हत्या की गयी है। उसको लेकर भारत भर में लोगों का सड़कों पर फूटा आक्रोश स्वाभाविक है, जिसका भारत सरकार को तुरन्त समुचित संज्ञान लेकर आगे हर स्तर पर कुछ और भी अधिक सक्रिय भूमिका निभाने की देश को आशा है और यही समय की मांग भी लगती है।" बसपा सुप्रीमो ने आगे लिखा, “वैसे तो अपने देश में भी ख़ासकर दलितों व आदिवासियों पर सदियों से होने वाली जातिवादी द्वेष, जुल्म-ज़्यादती, शोषण व तिरस्कार आदि रुका नहीं है बल्कि हर स्तर पर लगातार जारी है तथा उनकी सुरक्षा को लेकर बने क़ानूनों को एक प्रकार से निष्क्रिय ही बना दिया गया है, किन्तु पड़ोसी देश बांग्लादेश में इसी प्रकार की होने वाली जुल्म-ज्यादती कोई कम गंभीर बात नहीं है बल्कि यह अति-दुखद व चिन्ता की बात है। साथ ही, पड़ोसी देशों में अल्पसंख्यकों की दयनीय स्थिति को लेकर ख़ासकर देश में लोगों की चिंताएं लगातार बनी रहती हैं और इस मामले में सरकार अपनी भूमिका भी निभाने का प्रयास करती रहती है, किन्तु हाल के दिनों में बांग्लादेश में जिस प्रकार से भारत व हिन्दू विरोधी घटनायें घटित हो रही हैं। उसको लेकर केन्द्र सरकार को लोगों की अपेक्षा के अनुसार और भी अधिक सक्रियता एवं प्रभावी कदम उठाने की ज़रूरत लग रही है जिसको लेकर जनता का समर्थन अवश्य ही सरकार के साथ होगा।”  

पंजाब में हरियाली की रक्षा का आदेश, हाई कोर्ट ने बिना इजाज़त पेड़ कटाई पर लगाया प्रतिबंध

चंडीगढ़  पंजाब में अब पेड़ काटना आसान नहीं होगा। पूरे पंजाब में कहीं भी पेड़ काटने से पहले अब कोर्ट की विशेष परमिशन लेनी होगी। पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट ने एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि केस में अगली सुनवाई या विशेष अनुमति के बिना पूरे राज्य में कोई पेड़ नहीं काटा जाएगा। दरअसल, मोहाली की एयरपोर्ट रोड पर सरकार ने 250 पेड़ों को काटने का फैसला लिया था। मामले में मोहाली निवासी शुभम सेखों ने पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की। याचिका में आरोप लगाया गया कि विकास योजनाओं के नाम पर पेड़ काटने का फैसला बिना मानकों को ध्यान में रखकर लिया गया है।   मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर तलब किया। कोर्ट ने सरकार ने पूछा कि विकास के लिए इन पेड़ों के कटाई के लिए क्या रिसर्च या वैधानिक परमिशन ली गई थी। मामले की सुनवाई करते हुए कोर्ट ने प्रदेशभर में पेड़ न काटने का फैसला सुनाया। मामले की अगली सुनवाई पर पंजाब सरकार विस्तार से अपना पक्ष रखेगी। हाई कोर्ट का फैसला इसलिए ज्यादा अहम है क्योंकि अरावली पर्वत श्रंखला पर पूरे देश में विवाद चल रहा है। सोशल मीडिया से लेकर जमीनी तक लोग भारी संख्या में विरोध में उतर आए। सुप्रीम कोर्ट के फैसले और केंद्र सरकार की सिफारिश पर काफी विरोध चल रहा है। इससे लोगों में पर्यावरण को लेकर काफी जागरुकता देखी जा रही है। ऐसे में पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट का इस फैसले ने लोगों की ध्यान आकर्षित किया है।  

भीषण सड़क हादसा कर्नाटक में, बस में आग लगने से 9 जिंदा जले

चित्रदुर्ग कर्नाटक के चित्रदुर्ग में बृहस्पतिवार तड़के भीषण सड़क हादसा हुआ. हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई. यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक लॉरी और एक प्राइवेट ट्रैवल बस के बीच जोरदार टक्कर हुई. टक्कर के बाद बस और लॉरी दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई. इस हादसे में बस पूरी तरह जल गई, जिससे कई यात्रियों की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार कर्नाटक में एक लॉरी एक प्राइवेट ट्रैवल्स बस से टकरा गई और उसमें आग लग गई. इस हादसे में बस पूरी तरह जल गई जिससे बस में सवार कई यात्रियों की मौत हो गई. यात्रियों को लेकर बस बेंगलुरु से शिवमोग्गा होते हुए गोकर्ण जा रही थी. हादसा हिरियुर गोरलाट्टू क्रॉस के जवनगोंडानहल्ली में हुआ. लॉरी से टकराने के बाद बस से अचानक आग की लपटें उठने लगी. जैसे ही यात्रियों ने भागने की कोशिश की आग ने सभी को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी विकराल थी कि कई जिंदगियां समाप्त हो गईं. यह हादसा आज गुरुवार तड़के करीब 3 बजे हुआ. इस हादसे पर अधिकारियों का कहना है कि लॉरी ड्राइवर समेत कम से कम 9 से यात्रियों की मौत हो गई. खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और बचाव अभियान चलाया गया. वहीं, यह भी जानकारी सामने आई है कि हादसे के समय बस में 30 यात्री सवार थे. हादसे के बारे में और अपडेट का इंतजार है. अधिकारी का बयान एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट कुमारस्वामी बी.टी. का मीडिया को दिये बयान में कहा,'बेंगलुरु से गोकर्ण जा रही एक बस का एक्सीडेंट हो गया. एक लॉरी उल्टी दिशा से आ रही थी और बस से टकरा गई, जिससे यह एक्सीडेंट हुआ. लॉरी ड्राइवर की मौत हो गई और उसके शव को हॉस्पिटल के मॉर्चरी में रखवा दिया गया है. इस दुर्घटना में बुजुर्गों समेत 12 घायल लोगों को सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. 9 लोगों को तुमकुरु के सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि बस में 30 से ज्यादा पैसेंजर थे. यह लॉरी ड्राइवर की लापरवाही की वजह से हुआ. शवों की पहचान करने का काम किया जाना है.' बता दें कि हाल ही में आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में भी कुछ इसी तरह की दुर्घटना हुई थी.

वर्ल्ड कप 2027 में फिर दिखेगा विराट का जलवा, भारत के लिए सबसे भरोसेमंद मैच विनर

नई दिल्ली  टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली 2027 वर्ल्ड कप खेलने के लिए खूब पसीना बहा रहे हैं। टेस्ट और टी20 से रिटायर होने के बाद उनके फ्यूचर पर तलवार लटकने लगी थी, मगर अपने फेवरेट फॉर्मेट को विराट कोहली यूं ही अलविदा नहीं कहने वाले। इंटरनेशनल क्रिकेट में इस साल धूम मचाने के बाद विराट कोहली डोमेस्टिक क्रिकेट में भी अपना लोहा मनवा रहे हैं। बुधवार, 24 दिसंबर से शुरू हुए विजय हजारे टूर्नामेंट के पहले ही मैच में उन्होंने शतक जड़ दिया। लिस्ट-ए क्रिकेट में पिछली 4 पारियों में यह उनका तीसरा शतक है। किंग कोहली की इस रेड हॉट फॉर्म को देखते हुए उनके बचपन के कोच राजकुमार शर्मा ने साफ कर दिया है कि विराट वर्ल्ड कप 2027 के लिए एकदम तैयार हैं और उनसे बड़ा मैच विनर भारत में पैदा नहीं हुआ। राजकुमार शर्मा ने बात करते हुए कहा, "बहुत अच्छा है, शानदार है..अपनी फॉर्म को जारी रखा है, जैसा उन्होंने भारत के लिए दो शतक बनाए थे। उसी लय में शानदार बल्लेबाजी की है आज भी, मैच दिल्ली को जीताया है। काफी समय बाद वो डोमेस्टिक क्रिकेट खेल रहे थे। बेहद शानदार पारी खेली। देखिए वो शानदार फॉर्म में है। उसने भारत के लिए पिछले दोनों मैचों में शतक जड़े हैं। वो बेहतरीन फॉर्म में है। वो ऐसा खिलाड़ी है जो सबसे ज्यादा कंसिस्टेंट है, मेरे हिसाब से वो वर्ल्ड कप खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार है। वो इतना बड़ा क्रिकेट है कि उसे पता है कि उसे क्या चेंजिस करने हैं। वो लगातार कंसिस्टेंट ही रहा है, कभी-कभी ऐसा फेज आता है कि एक-दो पारियां खराब हो जाती है। इसका मतलब नहीं कि वो प्लेयर खराब हो गया है। उसके रिकॉर्ड्स बताते हैं कि वो किसी ऊंचाईयों पर पहुंचा हुआ है। मुझे यह कहते हुए गर्व होता है कि वो इतनी शानदार पारियां खेलता है और जितने मैच उसने भारत को जीताए हैं उतने आज तक भारत को किसी ने भी नहीं जीताए। मुझे गर्व होता है कि वो मेरा ट्रेनी है।"

टोरंटो में भयावह घटना: भारतीय महिला का शव घर में मिला, पार्टनर गफूर की तलाश जारी

टोरंटो  कनाडा के टोरंटो में एक भारतीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है। भारतीय दूतावास ने इस मामले की पुष्टि करते हुए दुख जताया है। टोरंटो पुलिस ने महिला के पार्टनर अब्दुल गफूर की तलाश शुरू कर दी है। वह वारदात के बाद से फरार है। भारतीय दूतावास ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारतीय युवा नागिरक हिमांशी खुराना की मौत दुखद है। यह सूचना परिवार के लिए बेहद पीड़ादायक है। इस घड़ी में हम सब उनके साथ हैं। पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए भारतीय दूतावास हर संभव मदद करेगा। पुलिस ने पार्टनर के खिलाफ जारी किया वारंट     टोरंटो पुलिस को शुक्रवार देर रात जानकारी दी गई थी कि 30 वर्षीय हिमांशी खुराना मिल नहीं रही है। उससे किसी भी तरह का कॉन्टैक्ट नहीं हो पा रहा है। ऐसे में पुलिस ने जांच शुरू की। 19 दिसंबर की रात उसकी तलाश शुरू हुई। 20 दिसंबर की सुबह उसका शव घर अंदर ही मिला।     पुलिस ने हिमांशी के पार्टनर अब्दुल गफूर के बारे में पता चला, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं था। उसको तलाश किया गया, लेकिन वह घटना के बाद से ही फरार था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। गफूरी की तलाश में जुटी पुलिस कनाडा पुलिस ने जानकारी दी कि पीड़िता और आरोपी रिलेशन में थे। उसकी हत्या के बाद से ही वह फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। अभी उसके खिलाफ फर्स्ट डिग्री वारंट जारी किया है। उसका गुनाह साबित होने पर गैर-जमानती आजीवन कारावास की सजा मिलने की संभावना है।

दतिया में कलेक्टर का कड़ा रुख: पटवारी संघ के शक्ति प्रदर्शन पर IAS ने कहा, दबाव में मत आएं

 दतिया  दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सस्पेंड किए गए एक पटवारी के समर्थन में कलेक्ट्रेट पहुंचे पटवारियों के हुजूम को देखकर कलेक्टर का पारा चढ़ गया. उन्होंने दो टूक शब्दों में कह दिया कि भीड़ लाकर उन पर राजनैतिक दबाव बनाने की कोशिश न की जाए. दरअसल, बीते बुधवार दतिया कलेक्टर वानखड़े ने शिकायत मिलने पर बसई के पटवारी शैलेंद्र शर्मा को सस्पेंड कर दिया था. इसी को लेकर पटवारी संघ के नेता सस्पेंड सहकर्मी का समर्थन और कुछ समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे. पटवारियों का शोरगुल सुनकर कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े मीटिंग छोड़ कर बाहर निकल आए. आम तौर पर शांत रहने वाले कलेक्टर ने काफी संख्या में पटवारियों को देख कर नाराजगी जताई. कलेक्टर ने मौके पर मौजूद पटवारियों को अनुशासन का पाठ पढ़ाते हुए कई बड़ी बातें कहीं. कहा, "अगर कोई समस्या है तो 2-3 लोग भी आकर बात कर सकते थे. 60-70 की संख्या में यहां आने का क्या मतलब है? इतनी बड़ी संख्या में दफ्तर छोड़कर आने से जनता के काम प्रभावित होते हैं. दो-तीन नेताओं के चक्कर में आप 60-70 लोग आओगे और मुझ पर दबाव बनाओगे, तो मैं नहीं सुनूंगा. हम जनता के लिए काम करते हैं." पटवारी को फटकार लगाने का वीडियो वायरल होने के मुद्दे पर कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन ने कोई वीडियो वायरल नहीं किया, वह पत्रकारों ने किया था. कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि इस तरह झुंड में आना राजनैतिक दबाव बनाने का प्रयास है, जो सफल नहीं होगा. उन्होंने आगे कहा, "गलती किसी से भी हो सकती है. मुझसे, एडीएम से या आपसे. अगर आपको लगता है कि किसी के साथ गलत हुआ है, तो नियमपूर्वक अपनी बात रखें."

Year Ender 2025: लिमिटेड ओवर्स में भारत की बादशाहत, टेस्ट क्रिकेट में फिसली साख; ICC में चमके 5 स्टार

नई दिल्ली  साल 2025 खत्म होने को है, ऐसे में क्रिकेट पंडित इस साल टीम इंडिया के परफॉर्मेंस का एनालिसिस करने में लगे हैं। वनडे और टी20 में तो भारतीय टीम का हाथ इस साल भी कोई नहीं पकड़ पाया है, मगर टेस्ट क्रिकेट में लगातार टीम इंडिया के प्रदर्शन में गिरावट आ रही है। भारत ने नए कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में जरूर इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ की, मगर बैक टू बैक दूसरे साल घर पर सीरीज में क्लीन स्वीप होना पड़ा। पिछले साल न्यूजीलैंड ने तो इस बार साउथ अफ्रीका ने सूपड़ा साफ किया। इसका असर आईसीसी रैंकिंग पर साफ देखने को मिला। आईए एक नजर 2025 के खत्म होते-होते भारत और भारतीय खिलाड़ियों की आईसीसी रैंकिंग पर डालते हैं- वनडे-टी20 रैंकिंग में भारत नंबर-1 टी20 में भारत का यह लगातार चौथी और वनडे में लगातार तीसरा बार है, जब भारत साल का अंत आईसीसी रैंकिंग में नंबर-1 पर रहते हुए करेगा। 2022 से टीम इंडिया लगातार साल का अंत नंबर-1 के पायदान पर रहते हुए कर रही है, वहीं वनडे में यह सिलसिला 2023 में शुरू हुआ। वहीं टेस्ट की बात करें तो भारत 2025 का अंत चौथे पायदान पर रहते हुए करेगा। टीम इंडिया के ऊपर ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड हैं। भारत ने आखिरी बार टेस्ट रैंकिंग में साल का अंत नंबर-1 पर रहते हुए 2023 में किया था। 2024 और 2025 में ऑस्ट्रेलिया नंबर-1 है। 5 भारतीय प्लेयर्स आईसीसी रैंकिंग में टॉप पर भारतीय खिलाड़ियों का साल 2025 में जलवा रहा। साल का अंत होते-होते एक दो नहीं बल्कि पूरे 5 खिलाड़ी अलग-अगल जगह रैंकिंग में नंबर-1 रहे। रोहित शर्मा और अभिषेक शर्मा क्रमश: वनडे और टी20 की बैटिंग रैंकिंग में नंबर-1 रहे। टेस्ट में जो रूट ने बाजी मारी। बॉलिंग रैंकिंग में टेस्ट में जसप्रीत बुमराह और टी20 में वरुण चक्रवर्ती का दबदबा रहा। वनडे में अफगानिस्तान के राशिद खान नंबर-1 रहे। ऑलराउंड्स की बात करें तो रविंद्र जडेजा ने 2025 का अंत नंबर-1 टेस्ट ऑलराउंडर के रूप में किया। अजमतुल्ला उमरजई वनडे तो सैम अयूब टेस्ट ऑलराउंडर्स की लिस्ट में टॉप पर रहे।

कोहरे और सर्दी का कहर: दिल्ली से भोपाल-इंदौर ट्रेनें लेट, पचमढ़ी में तापमान 4 डिग्री से नीचे

भोपाल  मध्यप्रदेश में कोहरे का असर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में तापमान 4 डिग्री से नीचे चला गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में सर्दी और तेज होगी। ऐसे में न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए पचमढ़ी जाने वाले पर्यटकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा इलाका शहडोल का कल्याणपुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।ट्रेनों पर कोहरे की मार जारी, सफर हो रहा परेशानकोहरे की वजह से दिल्ली से भोपाल, उज्जैन और इंदौर आने-जाने वाली ट्रेनें लगातार लेट चल रही हैं। पिछले एक हफ्ते से कई ट्रेनें 5 से 8 घंटे तक की देरी से पहुंच रही हैं। दृश्यता कम होने के कारण सड़कों पर भी वाहन चलाना जोखिम भरा बना हुआ है। आज सुबह कहां-कहां दिखा कोहरा गुरुवार सुबह ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली और शहडोल में कोहरा देखा गया। कहीं घना तो कहीं मध्यम कोहरा रहा। मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के मुताबिक, अगले दो दिन कोहरे की तीव्रता घटेगी, लेकिन न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट संभव है। अगले पांच दिन मौसम साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग का अपडेट और आगे की चेतावनी मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन कोहरे का असर कम रहेगा, लेकिन ठंड में वृद्धि होने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। इसके अलावा अगले पांच दिन तक मौसम साफ रहेगा और किसी भी हिस्से में बारिश होने की संभावना नहीं है। वहीं 27 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) का असर प्रदेश में देखने को मिल सकता है, जिससे सर्द हवाओं के चलते ठंड और बढ़ सकती है। प्रदेश के सबसे ठंडे शहर पचमढ़ी: 3.8 डिग्री कल्याणपुर (शहडोल): 6.3 डिग्री नौगांव: 7 डिग्री राजगढ़: 7.4 डिग्री मलाजखंड: 7.6 डिग्री रीवा: 8.2 डिग्री उमरिया: 8.3 डिग्री रायसेन, छिंदवाड़ा, मंडला: 9 डिग्री खजुराहो: 9.2 डिग्री टीकमगढ़: 9.8 डिग्री हिमालयी सिस्टम का असर,ठंड और बढ़ेगी मौसम विभाग के अनुसार, 27 दिसंबर को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से मध्यप्रदेश में सर्द हवाओं की रफ्तार बढ़ेगी और ठंड और तीखी होगी। फिलहाल भी उत्तरी हवाओं के कारण इंदौर, भोपाल, राजगढ़ और शाजापुर में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।उत्तर भारत के ऊपर सक्रिय जेट स्ट्रीम भी ठंड को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही है। यह करीब 12.6 किलोमीटर ऊंचाई पर 240 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही है। पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाओं के साथ जब यह सिस्टम सक्रिय होता है, तो ठंड का असर दोगुना हो जाता है। सबसे पहले जानते हैं, आज कैसा है मौसम गुरुवार सुबह ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली और शहडोल में कोहरा रहा। कहीं घना तो कहीं मध्यम कोहरा दर्ज किया गया। अगले 2 दिन तक कोहरे का असर तो कम रहेगा, लेकिन ठंड का असर बढ़ जाएगा। मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। अगले 5 दिन तक मौसम साफ रहेगा और कहीं भी बारिश होने के आसार नहीं है। कोहरे का सबसे ज्यादा असर ट्रेनों पर कोहरे का सबसे ज्यादा असर ट्रेनों पर पड़ रहा है। एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनें 5 से 8 घंटा तक लेट हो रही है। इनमें मालवा एक्सप्रेस, शताब्दी, सचखंड जैसी ट्रेनें शामिल हैं। कल्याणपुर प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार-बुधवार की रात पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री पर पहुंच गया। सीजन में पहली बार पचमढ़ी में इतना कम तापमान रहा है। कल्याणपुर में यह 6.3 डिग्री रहा। यह प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। नौगांव में पारा 7 डिग्री दर्ज किया गया। राजगढ़ में 7.4 डिग्री, मलाजखंड में 7.6 डिग्री, रीवा में 8.2 डिग्री, उमरिया में 8.3 डिग्री, रायसेन, छिंदवाड़ा-मंडला में 9 डिग्री, खजुराहो में 9.2 डिग्री और टीकमगढ़ में तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार की सुबह कई शहरों में घने कोहरे से राहत मिली, लेकिन इंदौर, खजुराहो, रीवा, सतना, दतिया, गुना, ग्वालियर, रतलाम, उज्जैन, मंडला, नरसिंहपुर, नौगांव में असर ज्यादा देखा गया। वहीं, ट्रेनों के डिले होने की टाइमिंग में भी कमी आई है।