samacharsecretary.com

सेंसेक्स में 300 अंकों की गिरावट, निफ्टी भी फिसला, निवेशकों में बढ़ी चिंता

मुंबई  आज 27 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर हुई है. कच्चे तेल की कीमतों में तेजी भी निवेशकों की चिंता बढ़ाई है. ब्रेंट क्रूड 96 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है, जबकि डॉलर इंडेक्स 103 के स्तर पर है. सऊदी अरब की एक अहम रिफाइनरी पर हमले के बाद तेल की कीमतों में तेजी आई है।  सेंसेक्स 510 अंक टूटा, निफ्टी 25,800 के नीचे फिसला शुक्रवार को शेयर बाजार में गिरावट और बढ़ गई. सेंसेक्स 510.14 अंक यानी 0.60% टूटकर 83,818.45 पर आ गया, जबकि निफ्टी 131.65 अंक यानी 0.51% गिरकर 25,752.85 पर कारोबार कर रहा था. बाजार में गिरावट के बावजूद कई शेयरों में खरीदारी देखने को मिली. कारोबार के दौरान 2,323 शेयरों में तेजी, 1,293 शेयरों में गिरावट और 184 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ. सेक्टर के लिहाज से निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.3% नीचे रहा, जबकि मेटल इंडेक्स 1% से ज्यादा चढ़ा. मिडकैप इंडेक्स में 0.7% और स्मॉलकैप इंडेक्स में करीब 1% की बढ़त दर्ज की गई।  सेंसेक्स 250 अंक से ज्यादा टूटा, निफ्टी 25,850 के नीचे शेयर बाजार में शुक्रवार को कमजोरी देखने को मिली. सेंसेक्स 264.57 अंक यानी 0.31% गिरकर 84,064.02 पर कारोबार कर रहा था. वहीं, निफ्टी 44.10 अंक यानी 0.17% टूटकर 25,840.40 पर आ गया. बाजार में गिरावट के बावजूद कई शेयरों में खरीदारी जारी रही. कारोबार के दौरान 2,327 शेयरों में तेजी, जबकि 1,014 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई और 194 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ. सेक्टर के लिहाज से निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.3% नीचे रहा, जबकि मेटल और पीएसयू बैंक इंडेक्स 1% से ज्यादा चढ़े. मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी करीब 1% की तेजी रही।  बाजार में गिरावट की 3 बड़ी वजहें मुनाफावसूली: पिछले कुछ हफ्तों में बाजार में शानदार तेजी के बाद निवेशकों ने ऊंचे स्तरों पर मुनाफा निकालना शुरू कर दिया है. इस हफ्ते अब तक सेंसेक्स और निफ्टी करीब 0.3% चढ़े हैं. इससे पहले चार हफ्तों में सेंसेक्स 14.8% और निफ्टी 14.2% उछल चुके हैं।  कच्चे तेल की ऊंची कीमतें: ब्रेंट क्रूड करीब 96 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना हुआ है. होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकरों और सऊदी अरब के ऊर्जा ठिकानों पर हमलों से तेल सप्लाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ी है. इससे निवेशकों की चिंता बढ़ रही है।  टेक्निकल संकेत और अहम स्तर: Geojit Investments के चीफ मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट आनंद जेम्स के मुताबिक, निफ्टी को 25,900-26,000 के दायरे में लगातार रुकावट मिल रही है. अगर इंडेक्स 25,750 के नीचे फिसलता है, तो यह 25,300 तक जा सकता है. वहीं, 25,850 के ऊपर टिके रहने पर निफ्टी में तेजी आ सकती है और यह 26,300 का स्तर छू सकता है।   

बाजार खुलते ही चमकी चांदी, ₹6000 उछला भाव, सोने में भी ₹2000 से ज्यादा तेजी

मुंबई  आज कमोडिटी मार्केट खुलते ही सोने-चांदी के दाम उछल गए। चांदी एक झटके में 6000 रुपये महंगी होकर 151800 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। जबकि, गोल्ड के भाव 2000 रुपये प्रति 10 ग्राम से उछलकर 124229 रुपये पर पहुंच गए। यह ताजा रेट एमसीएक्स के हैं। सर्राफा बाजारों में दोपहर को जब रेट खुलेंगे तो इससे अलग हो सकते हैं। इंटरनेशनल मार्केट में भी सोने की कीमतों में जोरदार वापसी इंटरनेशनल मार्केट में भी सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को जोरदार तेजी देखने को मिली। अमेरिकी बाजारों में छुट्टी के चलते बिकवाली का दबाव कम होने और एआई से जुड़ी चिंताओं के कारण शेयर बाजारों में जारी उथल-पुथल थमने से सोने को सहारा मिला। सोना इस सप्ताह की शुरुआत में सितंबर 2025 के बाद के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया था। रॉयटर्स के मुताबिक स्पॉट गोल्ड शुक्रवार को 1.6% चढ़कर 3,622.91 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। इस सप्ताह अब तक सोने की कीमत में करीब 2.7% की बढ़त दर्ज की गई है। वहीं, अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर 2.6% उछलकर 3,621.10 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। चांदी 4.6% उछली, प्लैटिनम और पैलेडियम में भी तेजी शुक्रवार को चांदी की कीमत 4.6% बढ़कर 43.40 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। इसके अलावा प्लैटिनम 2.6% चढ़कर 1,323.78 डॉलर और पैलेडियम 3.3% बढ़कर 901.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। दबाव बरकरार फिर भी चढ़े सोने के भाव अमेरिका में मजबूत आर्थिक आंकड़ों और बढ़ती महंगाई ने फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका को मजबूत किया है। अमेरिकी अर्थव्यवस्था ने तीसरी तिमाही में शुरुआती अनुमान से ज्यादा तेजी से वृद्धि दर्ज की, जबकि अक्टूबर में महंगाई भी बढ़ी। ब्याज दरें बढ़ने से सोने जैसे ऐसे निवेश की मांग प्रभावित होती है, जिस पर कोई ब्याज नहीं मिलता। हालांकि, गुरुवार को थैंक्सगिविंग की छुट्टी के कारण अमेरिकी शेयर बाजार बंद रहने से सोने पर बिकवाली का दबाव कम हुआ। वीटी मार्केट्स के चीफ स्ट्रैटेजी ऑफिसर रॉस मैक्सवेल के मुताबिक, सोने में रिकवरी की कोशिश जारी है, लेकिन आगे की तेजी अमेरिकी डॉलर, वास्तविक ब्याज दरों और इन्वेस्टमेंट के लिए फंड फ्लो पर निर्भर करेगी। चीन में सोने का आयात बढ़ा: इस बीच, चीन का हांगकांग के रास्ते प्योर गोल्ड का आयात अक्टूबर में 1.6% बढ़कर अप्रैल के बाद के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। इससे भी सोने की मांग को लेकर सकारात्मक संकेत मिले हैं।

अब घर बैठे WhatsApp से चेक करें अपना PF बैलेंस, बस भेजना होगा एक मैसेज

 नई दिल्ली कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की इस सुविधा का लाभ लोग जमकर उठा रहे हैं. पहले लोगों को पीएफ बैलेंस चेक करने में काफी परेशानी होती है. लेकिन अब चंद सेकंड में PF खाते का लेखा-जोखा आप अपने मोबाइल पर देख सकते हैं. इसके लिए आपको केवल अपने पीएफ खाते में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 'Hi' लिखना है. पूरी डिटेल आपके सामने होगी, आपके पीएफ अकाउंट में कितने पैसे हैं, उसमें नियोक्ता का कितना योगदान है, आपका हर महीने कितना कंट्रीब्यूशन है, और सबसे खास पेंशन फंड कुल कितना जमा है, और हर महीने पेंशन के लिए कितना अमाउंट कट रहा है।  दरअसल, इस चेक करना इतना आसान है, कि महज 25 दिनों में 1.28 करोड़ सदस्यों ने WhatsApp पर Hi लिखकर पीएफ बैलेंस चेक कर चुके हैं. 1 नवंबर 2026 को ईपीएफओ के 74वें स्थापना दिवस पर इसकी शुरुआत की गई थी. चंद दिन में ही इसने इतिहास रच दिया है. शुरुआती 14 दिनों के भीतर ही 1 करोड़ लोगों ने इस सुविधा के माध्यम से पीएम अमाउंट चेक किए थे।  इससे पहले करोड़ों अंशधारकों को अपना PF बैलेंस देखने या पासबुक डाउनलोड करने के लिए ईपीएफओ के उमंग (UMANG) ऐप पर लॉग-इन करना पड़ता था. कई बार पासवर्ड भूल जाने, सर्वर बिजी होने या टेक्निकल वजहों से कर्मचारियों को असुविधा का सामना करना पड़ता था. इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए ईपीएफओ ने अब सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp पर अपनी सेवाएं उपलब्ध कराई हैं।  इस पहल का मुख्य उद्देश्य 8 करोड़ से अधिक ईपीएफओ सदस्यों को बिना किसी परेशानी के उनके खाते की रीयल-टाइम जानकारी उपलब्ध कराना है. अगर अब तक आपने चेक नहीं किया है, तो इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं.  इसके लिए ईपीएफओ के आधिकारिक और सत्यापित WhatsApp नंबर +91 8796441800 के माध्यम से सदस्य घर बैठे निम्नलिखित प्रमुख सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।  पीएफ बैलेंस की जानकारी सदस्य अपने कुल पीएफ बैलेंस, कर्मचारी के हिस्से, नियोक्ता के हिस्से (Employer Share), पेंशन अंशदान और ब्याज जमा होने की अंतिम तिथि की सटीक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. खाते में हाल ही में जमा हुए मासिक अंशदान, ब्याज क्रेडिट या की गई निकासी से जुड़े अंतिम 5 लेनदेन का विवरण तुरंत देखा जा सकता है।  इसके अलावा सदस्य अपनी EPF पासबुक को पासवर्ड-सुरक्षित PDF फॉर्मेट में सीधे चैट पर डाउनलोड कर सकते हैं. इस फाइल को खोलने के लिए सदस्य की जन्मतिथि (DDMMYY प्रारूप में) पासवर्ड के रूप में काम करती है. प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) से जुड़ी औपचारिकताओं और आधार प्रमाणीकरण से संबंधित मार्गदर्शन भी इस चैटबॉट पर उपलब्ध है।  कैसे करें पीएफ चेक इस सेवा का लाभ उठाने के लिए सदस्य का मोबाइल नंबर उसके यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) के साथ पंजीकृत होना अनिवार्य है. सबसे पहले अपने मोबाइल फोन में ईपीएफओ का आधिकारिक WhatsApp नंबर +91 8796441800 सेव करें. अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से इस चैट पर केवल 'Hi' लिखकर भेजें. चैटबॉट के निर्देशानुसार अपनी पसंदीदा भाषा का चयन करें और मुख्य मेनू में आवश्यक विकल्प जैसे कि Check Balance, Last 5 Transactions या Download Passbook को चुनें.  सिक्योरिटी के लिए आपके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक OTP प्राप्त होगा, जिसे चैट में दर्ज करना होगा. सत्यापन पूरा होते ही और संबंधित मेंबर आईडी चुनने पर मांगी गई जानकारी स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएगी।  EPFO ने साफ किया है कि वर्तमान में यह सेवा केवल खाते की जानकारी देखने और पासबुक डाउनलोड करने तक सीमित है. संगठन ने सदस्यों से अपील की है कि वे केवल सत्यापित आधिकारिक नंबर (+91 8796441800) का ही उपयोग करें और किसी भी अनजान व्यक्ति या फर्जी लिंक पर अपना UAN पासवर्ड, बैंक विवरण या अनचाहा OTP साझा न करें। 

35 साल के उनादकट ने रचा इतिहास, T20 में नंबर-11 पर बना दिया विश्व रिकॉर्ड

 इंदौर सौराष्ट्र के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) 2026-27 में अपनी बल्लेबाजी से ऐसा कारनामा किया, जो टी20 क्रिकेट में पहले कभी नहीं हुआ था. 26 नवंबर (गुरुवार) को तमिलनाडु के खिलाफ इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में उनादकट ने 11वें नंबर पर उतरकर 26 गेंदों में 40 रन बनाए।  इसी के साथ जयदेव उनादकट किसी टी20 मैच में नंबर-11 पर सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए. उनादकट ने इंग्लैंड के डैनी ब्रिग्स का रिकॉर्ड तोड़ा. ब्रिग्स ने 13 दिसंबर 2020 को बिग बैश लीग (BBL) में एडिलेड स्ट्राइकर्स की ओर से होबार्ट हरिकेंस के खिलाफ नाबाद 35 रन बनाए थे।  चेतन सकारिया भी छाए सौराष्ट्र की पारी लड़खड़ाने के बाद जयदेव उनादकट ने चेतन सकारिया के साथ मोर्चा संभाला. दोनों ने 10वें विकेट के लिए 49 गेंदों पर 62 रनों की साझेदारी की. उनादकट ने अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए, जबकि सकारिया 25 गेंदों पर 21 रन बनाकर नाबाद रहे।  टी20 क्रिकेट में 10वें विकेट के लिए यह संयुक्त रूप से दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है. इससे आगे सिर्फ ग्रांट इलियट और जुल्फिकार बाबर की जोड़ी है, जिसने 2016 में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) ( के दौरान क्वेटा ग्लैडिएटर्स के लिए पेशावर जाल्मी के खिलाफ 63 रन जोड़े थे।  सौराष्ट्र ने 8.3 ओवर में 92 रनों के स्कोर तक नौ विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद जयदेव उनादकट और चेतन सकारिया ने टीम को 154 रनों तक पहुंचाया. उनादकट आखिरी बल्लेबाज के रूप में इनिंग्स के 17वें ओवर में चौथी गेंद पर आउट हुए।  हालांकि, उनकी कोशिश टीम को जीत नहीं दिला सकी और सौराष्ट्र को 38 रनों से हार झेलनी पड़ी. इसके बावजूद जयदेव उनादकट की 40 रनों की पारी टी20 क्रिकेट के रिकॉर्ड में दर्ज हो गई। 

8वें वेतन आयोग से 5 प्रमोशन समेत कई उम्मीदें, क्या सरकार मानेगी कर्मचारियों की मांग?

नई दिल्ली आठवें वेतन आयोग को गठन हुए एक साल से ज्यादा हो गया है और उसे अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए दिए गए 18 महीने के समय में करीब छह महीने ही बचे हैं. इस बीच कर्मचारी संगठनों के साथ 8th CPC की बैठकों का सिलसिला जारी है और उसके सामने बड़ी-बड़ी डिमांड आ रही हैं. इनमें भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (BPMS) की ओर से दो-चार नहीं, बल्कि 73 प्रस्ताव दिए गए हैं. इनमें 6 फीसदी एनुअल इंक्रींमेंट से लेकर बीमा कवर और 5 प्रमोशन दिए जाने तक की मांग है. हालांकि, इनमें से क्या-क्या मानना है ये सरकार को डिसाइड करना है।  BPMS की डिमांड लिस्ट लंबी रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीपीएमएस की आठवें वेतन आयोग के सामने रखी गई मांगों की लिस्ट लंबी है. इनमें शामिल प्रमुख डिमांड पर नजर डालें, तो संगठन ने कर्मचारियों को मिलने वाला 3% एनुअल इंक्रीमेंट को दोगुना करके 6% किए जाने की मांग की है।  इसके अलावा अगली डिमांड महंगाई भत्ते या DA को लेकर है और प्रस्ताव में कहा गया है कि  महंगाई भत्ते (DA) का 50% हिस्सा बेसिक सैलरी और पेंशन में मर्ज किया जाए. तीसरी मांग पेंशन से कनेक्टेड है. कर्मचारियों ने एनपीएस और यूपीएस के बजाय ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) को बहाल किए जाने की मांग की है।  15 लाख बीमा कवर और 5 प्रमोशन सिर्फ इतना ही नहीं कर्मचारियों की डिमांड लिस्ट में सैलरी, प्रमोशन, फिटमेंट फैक्टर से लेकर छुट्टियां और बीमा कवर तक से जुड़ी मांगें शामिल हैं. संगठन ने प्रस्ताव में कहा है कि कर्मचारियों को तीन दशक की नौकरी के दौरान पांच प्रमोशन दिए जाने चाहिए. वहीं सेंट्रल एंप्लाईज ग्रुप इंश्योरेंस स्कीम के तहत अब तक बीमा कवर दिया जाता है, उसे 15 लाख तक किया जाए. केंद्रीय कर्मचारियों के लिए पैटर्निटी लीव 45 दिन और चाइल्ड केयर लीन 12 की मिलने की डिमांड भी की गई है।  मई 2027 में रिपोर्ट सौंपेगा आयोग  जैसे जैसे आठवें वेतन आयोग द्वारा अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपने का समय नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे कर्मचारियों की सैलरी हाइक, डीए मर्जर समेत अन्य डिमांड तेज होती जा रही हैं. 8वां वेतन आयोग के लिए 18 मई की डेडलाइन अगले साल मई 2027 में पूरी हो रही है, तमाम बैठकों के दौरान मिले सुझावों और मांगों के प्रस्ताव पर तैयार सिफारिशों की रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी. हालांकि, अंतिम फैसला सरकार को लेना है।  फिटमेंट डिमांड पूरी, तो बंपर सैलरी हाइक न सिर्फ बीपीएमएस, बल्कि ज्यादातर कर्मचारी संगठनों की ओर से 8वें वेतन आयोग से फिटमेंट फैक्टर बढ़ाने की मांग की गई है, जो सैलरी हाइक में सबसे बड़ा रोल निभाता है. 7वें वेतन आयोग (7th Pay Commission) में ये 2.57 लागू किया गया था और इसके चलते न्यूनतम बेसिक सैलरी 18000 रुपये है. वहीं अब इसे 2.75 से लेकर 3.83 करने की डिमांड हो रही है. अगर ये मांग सरकार मान लेती है, तो कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले हो जाएगी।  कैलकुलेशन करें, तो मांगों के मुताबिक, सरकार 2.75 गुना फिटमेंट फैक्‍टर पर राजी होती है, तो कर्मचारियों की मिनिमम बेसिक-पे 18,000 रुपये से सीधे 49,500 रुपये हो जाएगी. वहीं अगर इसे 3.83 किया जाता है, तो ये न्यूनतम बेसिक सैलरी एक झटके में करीब 51000 रुपये बढ़कर 68,940 रुपये हो जाएगी। 

दिल्ली के शीशमहल की रेट लिस्ट आई सामने, 23 लाख का झूमर और लग्जरी सुविधाएं

नई दिल्ली बतौर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जिस सरकारी बंगले में रहते थे और जिसे भाजपा शीशमहल कहती है, उसे अब जनता के लिए खोल दिया गया है। पहले दिन इसमें मीडिया को ले जाया गया और अंदर मौजूद सभी सामानों की प्रदर्शनी की तरह दिखाया गया। खास बात यह है कि हर सामान के साथ उसकी कीमत लिख दी गई है। इसके मुताबिक एक झूमर 23 लाख रुपये का है तो सोफा 4 लाख रुपये का, एक कमरे के पर्दे करीब 6 लाख रुपये के हैं, जो रिमोट से चलते हैं। वहीं, किचन में खाना तैयार होने के बाद उसे ऊपर के कमरों तक भेजने के लिए लिफ्ट लगाई गई है। बंगले के बाहर इसका नाम 'शीशमहल' लिखा गया है और इस पर खर्च की गई रकम 58,83,66,314.00 बताई गई है। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा और कपिल मिश्रा ने अपनी मौजूदगी में मीडियो को बंगले के भीतर ले जाकर एक-एक कमरा और इनमें रखे गए सामान दिखाए। सभी सामान के साथ उसकी कीमत बताई गई है, जो अधिकतर लाखों में है। लाखों के झूमर और पर्दे इसमें एक झूमर की कीमत 23.13 लाख रुपये बताई गई है तो एक दूसरा झूमर 11.45 लाख रुपये का दिखा। एक कमरे में पर्दे 5.84 लाख के बताए गए हैं तो बंगले के दूसरे हिस्से में एक जगह पर्दे 12 लाख के भी बताए गए हैं। खास बात यह है कि पर्दों के साथ रिमोट भी रखे गए हैं। बताया गया कि ये पर्दे ऑटोमैटिक हैं और रिमोट से इन्हें कंट्रोल किया जा सकता है। सोफा-टेबल से फ्रीज तक लाखों में है सबकी कीमत एक सोफा सेट 4.14 लाख रुपये का है तो टेबल और कुर्सियों की कीमत भी लाखों में। 2.5 लाख की कॉफी मशीन लगी है तो किचन में भी लिफ्ट लगा है। मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि यह लिफ्ट इसलिए लगाई गई थी कि यदि केजरीवाल ऊपर के मंजिल में हैं तो उनके पास खाना इस लिफ्ट से भेजा जाता था। बंगले में 4 लाख रुपये का मसाजर लगा है तो मंदिर की कीमत 6.71 लाख रुपये बताई गई है। डबल डोर वाले फ्रीज की कीमत साढ़े सात लाख है। लिफ्ट लॉबी एरिया में एक मूर्ती की कीमत 7.58 लाख रुपये है। कपिल मिश्रा और प्रवेश वर्मा का अरविंद केजरीवाल पर जोरदार हमला कपिल मिश्रा ने पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर अय्याशी के आरोप लगाए और कहा कि दिल्ली के लोगों के पैसे लूटकर कोरोना काल में इसे बनवाया गया। उन्होंने कहा, 'आज तो अपनी आंखों से देख लीजिए और आपके कैमरों के माध्यम से पूरा देश देखेगा। किस प्रकार से दिल्ली के लोगों पैसों की बर्बादी की गई, लूटा गया। जो लोग कहते थे कि हम एक कमरे के घर में रहेंगे उन्होंने अय्याशी का यह शीशमहल बनाकर तैयार किया। कोरोना के काल में जब पूरी दिल्ली ऑक्सीजन के लिए तरस रही थी, तब केजरीवाल इस शीशमहल का निर्माण कर रहा था। मैं चाहता हूं कि आपके कैमरों से पूरा देश देखे। करोड़ों रुपये के सामान खरीदे गए हैं, दुनियाभर के देशों से इंपोर्ट की गईं चीजें।' पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि तब इस विभाग के मंत्री रहे सत्येंद्र जैन ने शीशमहल के फाइल पर मोस्ट अर्जेंट लिखा था। उन्होंने कहा,'जरूरी बात दिल्ली और देश की जनता को जानना चाहिए कि उस वक्त पीडब्ल्यूडी मंत्री थे सत्येंद्र जैन। जब दिल्ली में कोविड चल रहा था, देश में कोविड की लहर थी। दिल्ली में एक महीने में 22 हजार मौतें होती हैं। शव जलाने के लिए लकड़ी और स्थान नहीं मिल रहा था। उस समय सत्येंद्र जैन ने किसी अस्पताल बनाने के लिए सिफारिश नहीं करते हैं, दवा खरीदने के लिए फाइल पर अर्जेंट साइन नहीं करते हैं। मगर शीशमहल का काम एक भी दिन ना रुके उसके लिए फाइल पर लिखते हैं 'मोस्ट अर्जेंट'।

दिग्विजय सिंह के होंसले की उड़ान सत्य सनातन स्वाभिमान

दिग्विजय सिंह के होंसले की उड़ान सत्य सनातन स्वाभिमान  -ओरछा में पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता की यात्रा पर मिलकर बोले पूर्व मंत्री भगवान सिंह  ग्वालियर  सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के होंसले की उड़ान है. 80 साल की उम्र में युवाओं जैसा जोश रखकर सेंकड़ो किलोमीटर की यात्रा इस बात का सबूत है. यह बात प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भगवान सिंह यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से मिलने के बाद कही।  सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के ओरछा में पहुँचने पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से मिलने पहुंचे पूर्व मंत्री भगवान सिंह ने उनकी यात्रा को लेकर फूलों की माला पहनाकर बधाई दी और इस यात्रा का परिणाम सकारात्मक आने की शुभकामनाएं भी दी. इस अवसर पर दिग्विजय सिंह के साथ चल रही उनकी पत्नि अमृता राय सिंह ने भगवान सिंह से उनकी बीमारी के बारे मैं पूछा और उनको वहां नहीं आने को कहा. इस अवसर पर पूर्व मंत्री भगवान सिंह के साथ दशरथ सिंह गुर्जर, सत्येंद्र राइखेड़ा, स्वरोचित बोहरे, जसवंत सिंह डबरा आदि मौजूद थे। 

अजीविका डबरियों से बदलेगी गांवों की तस्वीर, लक्ष्य से 50% ज्यादा निर्माण को मिली सफलता

अजीविका डबरियों से बदलेगी गांवों की तस्वीर, लक्ष्य से 50 प्रतिशत ज्यादा हुआ निर्माण, अब 23 हजार को मंजूरी वीबी जीरामजी योजना अंतर्गत महिलाओं अनुसूचित जनजाति समेत पीवीटीजी परिवारों को मिल रही आजीविका की नई ताकत जल सरंक्षण, रोजगार के साथ मछली पालन, सिंचाई और सब्जी उत्पादन से बढ़ेगी आमदनी रायपुर,  वीबी जीरामजी योजना अंतर्गत गांवों में अब पानी की हर बूंद समृद्धि का आधार बनने जा रही है। जल संरक्षण के साथ ग्रामीण महिलाओं और विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू किया गया आजीविका डबरी निर्माण अभियान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रहा है। इस योजना के तहत जहां पिछले वर्ष 10 हजार डबरियां बनाने का लक्ष्य था, वहीं लक्ष्य से 50 प्रतिशत अधिक यानी 15 हजार डबरियों का निर्माण किया गया। वहीं चालू वित्तीय वर्ष में 20 हजार डबरियों के लक्ष्य के मुकाबले वीबी जीरामजी योजना अंतर्गत अब तक 23 हजार से अधिक डबरियों को ग्रामसभाओं की मांग और अनुमोदन के बाद स्वीकृति मिल चुकी है। खास बात यह है कि इन डबरियों का निर्माण अंतर्गत सूचना पटल में महिलाओं के नाम लिखा जा रहा है यह निजी भूमि में किया जा रहा है, ताकि जल संरक्षण के साथ उन्हें अपनी परिसंपत्ति और आमदनी का स्थायी साधन भी मिल सके।       इस पहल का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 14 दिसंबर 2025 को किया था। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के परिवारों को स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों से जोड़कर उनके लिए रोजगार और आय के स्थायी अवसर तैयार करना है। आजीविका डबरी अब केवल पानी जमा करने का माध्यम नहीं रह गई है, बल्कि मछली पालन, खेतों की सिंचाई, सब्जी उत्पादन और अन्य कृषि आधारित गतिविधियों के जरिए परिवारों की अतिरिक्त आमदनी का जरिया बन रही है। महिलाओं के नाम पर बन रही परिसंपत्ति, बढ़ेगा आर्थिक अधिकार        अभियान में महिलाओं और पीवीटीजी परिवारों को प्राथमिकता दी जा रही है। डबरियों का निर्माण में महिलाओं के नाम सूचना पटल पर लिखा जाकर उनकी निजी भूमि में कराया जा रहा है। डबरी में मछली पालन, सिंचाई और सब्जी उत्पादन जैसी गतिविधियां परिवार की आय बढ़ाने में मददगार बनेंगी। इससे महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ने के साथ परिवार के महत्वपूर्ण फैसलों में उनकी भूमिका भी मजबूत होगी। विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों के लिए यह पहल और भी महत्वपूर्ण है। सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होने से इन परिवारों को खेती और बागवानी के लिए पानी मिलेगा। इससे कृषि गतिविधियों का विस्तार और आय के नए साधन विकसित करने में मदद मिलेगी। बैगा परिवारों सहित कई हितग्राही आत्मनिर्भरता की राह पर        आजीविका डबरी निर्माण अभियान का लाभ प्रदेश के अलग-अलग जिलों के ग्रामीण परिवारों तक पहुंच रहा है। कबीरधाम जिले के अधरूराम बैगा को प्रधानमंत्री जनमन आवास के साथ आजीविका डबरी की सुविधा भी मिली है। इसी तरह खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के गोलरडीह ग्राम पंचायत के हीरालाल बैगा, जशपुर जिले की रजनी बाई, बलरामपुर जिले की बंगुरकेला ग्राम पंचायत की पुष्पा देवी और कोंडागांव जिले की कचोरा ग्राम पंचायत की सोनादई पोयाम भी इस पहल के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।        इन हितग्राही परिवारों के लिए डबरियां भविष्य में मछली पालन, सिंचाई और कृषि आधारित गतिविधियों के जरिए नियमित अतिरिक्त आय का माध्यम बन सकती हैं। इस तरह योजना का लाभ केवल एक निर्माण कार्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण परिवारों को अपनी आजीविका के लिए स्थायी संसाधन उपलब्ध कराने की पहल है। जल संरक्षण के साथ गांव में ही रोजगार         इस अभियान की खासियत यह है कि इसमें जल संरक्षण और रोजगार सृजन को एक साथ जोड़ा गया है। डबरी निर्माण से वर्षा जल का संचयन, भूजल संवर्धन और स्थानीय जल संसाधनों का संरक्षण हो रहा है। वहीं, निर्माण कार्यों के दौरान ग्रामीण श्रमिकों को गांव में ही रोजगार मिल रहा है। निर्माण पूरा होने के बाद यही डबरियां हितग्राही परिवारों के लिए लंबे समय तक आजीविका का साधन बन रही हैं। इस प्रकार एक ही परिसंपत्ति से तत्काल रोजगार और भविष्य में आय के अवसर तैयार किए जा रहे हैं। प्रदेश जल से संबंधित क्रिटिकल विकासखंडों से मुक्त        अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप अब प्रदेश में एक भी जल से संबंधित क्रिटिकल विकासखंड नहीं बचा है। यह प्रदेश के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। इसके साथ ही जल के संबंध सेमी-क्रिटिकल विकासखंडों की संख्या भी 21 से घटकर 19 हो गई है। क्यूआर कोड से मिलेगी हर डबरी की जानकारी        योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निर्मित परिसंपत्तियों पर क्यूआर कोड भी लगाए गए हैं। प्रत्येक माह की 7 तारीख को आयोजित रोजगार दिवस एवं आवास दिवस पर ग्रामीणों जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया भी बताई जा रही है। ग्रामसभा की मांग और अनुमोदन के आधार पर आगे बढ़ रहा यह अभियान जल संरक्षण को ग्रामीण विकास, महिला सशक्तीकरण और जनजातीय परिवारों की आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ रहा है। लक्ष्य से अधिक निर्माण और निर्धारित लक्ष्य से आगे पहुंचती स्वीकृतियां इस बात का संकेत हैं कि आजीविका डबरी गांवों में रोजगार और समृद्धि का नया आधार बन रही है।

तमिलनाडु में पहली बार पुरुष कर्मियों को एकमुश्त 15 दिन अवकाश देने का ऐलान

चेन्नई तमिलनाडु की थलपति विजय सरकार ने राज्य की महिला कर्मचारियों को मिलने वाले मातृत्व अवकाश के जैसा ही राज्य सरकार के विवाहित कर्मचारियों के लिए 15 दिन के पितृत्व अवकाश देने की घोषणा की है। राज्य में पहली बार सरकारी पुरुष कर्मचारियों को यह सुविधा प्रदान की गई है। सरकार ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि पुरुष सरकारी कर्मचारी 15 दिन के पितृत्व अवकाश का लाभ उठा सकते हैं। वे यह अवकाश बच्चे के जन्म से 15 दिन पहले या जन्म के छह महीने के भीतर ले सकते हैं। मुख्यमंत्री थलपति विजय ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह घोषणा करते हुए बताया कि इस संबंध में सरकारी आदेश जारी कर दिया गया है। यह अवकाश प्रसव से 15 दिन पहले या बाद में अथवा बच्चे के जन्म की तिथि से छह माह के भीतर लिया जा सकेगा। सीएम विजय ने कहा कि महिला कर्मचारियों को मिलने वाले 365 दिन के मातृत्व अवकाश के अनुरूप पुरुष सरकारी कर्मचारियों के पितृत्व अवकाश की मांग पर सरकार ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए 15 दिन का अवकाश स्वीकृत किया है। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था की अवधि मां और बच्चे दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, और प्रत्याशित मां और बाद में बच्चे की देखभाल में शारीरिक और भावनात्मक सहारा प्रदान करने में पिता की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। विज्ञप्ति के अनुसार, उन्होंने कहा कि महिला सरकारी कर्मचारियों को दिया जाने वाला 365 दिन का मातृत्व अवकाश मातृत्व और बाल कल्याण के महत्व को दर्शाता है। इसी प्रकार, पुरुष कर्मचारियों को पितृत्व अवकाश प्रदान करने से पारिवारिक जिम्मेदारियों को साझा करने में पिता की भूमिका सुनिश्चित होगी और बच्चे के पालन-पोषण में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इसी कारण सरकार ने पुरुष कर्मचारियों के अनुरोध पर सकारात्मक विचार करते हुए उन्हें 15 दिन का पितृत्व अवकाश देने की घोषणा की है।

वॉशिंगटन सुंदर का फिरकी जादू, न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौटी, भारत को बड़ी सफलता

 क्राइस्टचर्च भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जा रहा है. न्यूजीलैंड की पहली पारी में बल्लेबाजी जारी है. उसके 5 विकेट गिरे हैं।  इस टेस्ट मैच में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. भारतीय टीम में मोहम्मद सिराज को फिर मौका नहीं मिला. प्रसिद्ध कृष्णा की जगह गुरनूर बरार खेल रहे हैं. बरार का यह पहला टेस्ट मैच है. इस मुकाबले की लाइव अपडेट और स्कोर कार्ड के लिए इस पेज को र‍िफ्रेश करते रहें, हम लगातार इस पेज को अपडेट कर रहे हैं।  पहली पारी में ऐसी रही कीवी टीम की बैटिंग न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाजों ने पहली पारी में दमदार शुरुआत की. कप्तान टॉम लैथम और डेवोन कॉन्वे ने पहले विकेट के लिए 77 रनों की पार्टनरशिप की. अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे गुरनूर बरार ने खतरनाक दिख रहे कॉन्वे को 31 रनों के निजी पर आउट कर पवेलियन भेजा. ये विकेट पहले दिन लंच से पहले आखिरी गेंद पर गिरा।  लंच के टॉम लैथम ने अपनी फिफ्टी पूरी की. लैथम ने 128 गेंदों पर 59 रन बनाए, जिसमें 6 चौके शामिल रहे. लैथम का विकेट आकाश दीप ने लिया. फिर अंशुल कम्बोज ने हेनरी निकोल्स (16 रन) को आउट कर भारत को तीसरी कामयाबी दिलाई. 110 के स्कोर पर ही न्यूजीलैंड का एक और विकेट गिरा, जब आकाश दीप के बिछाए जाल मेंं रचिन रवींद्र (0 रन) फंस गए।  यहां से टॉम ब्लंडेल और डेरिल मिचेल ने पांचवें विकेट के लिए 74 रन जोड़कर मेजबान टीम को संभाला. मिचेल 31 रनों के निजी स्कोर वॉशिंगटन सुंदर का शिकार बने, जिसके चलते ये साझेदारी टूटी। न्यूजीलैंड की पहली पारी का स्कोरकार्ड बल्लेबाज विकेट रन टॉम लैथम कॉट ऋषभ पंत बोल्ड आकाश दीप 59 डेवोन कॉन्वे LBW गुरनूर बरार 31 हेनरी निकोल्स कॉट आकाश दीप बोल्ड अंशुल कम्बोज 16 रचिन रवींद्र कॉट ऋषभ पंत बोल्ड आकाश दीप 0 डेरिल मिचेल कॉट ध्रुव जुरेल बोल्ड वॉशिंगटन सुंदर 31 टॉम ब्लंडेल नाबाद   ग्लेन फिलिप्स नाबाद