samacharsecretary.com

डॉलर के मुकाबले मजबूत हुआ भारतीय रुपया, 2 महीने से ज्यादा के उच्चतम स्तर पर पहुंचा

नई दिल्ली भारतीय रुपया गुरुवार को डॉलर के मुकाबले मजबूत होकर 2 महीने से ज्यादा के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया. शुरुआती कारोबार में रुपया 94.27 प्रति डॉलर तक पहुंचा. यह 29 जून के बाद रुपये का सबसे मजबूत स्तर है. बुधवार को रुपया 94.98 पर बंद हुआ था. यानी एक दिन में रुपये की स्थिति में अच्छी मजबूती देखने को मिली. ब्लूमबर्ग के मुताबिक, गुरुवार को डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत में करीब 0.74% की मजबूती आई और यह 94.2712 तक पहुंच गया।  हालांकि, बाद में यह मजबूती थोड़ी कम हुई और करीब 0.5% रह गई. अब डॉलर के मुकाबले 94 रुपये का स्तर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अगर डॉलर-रुपया एक्सचेंज रेट 94 से नीचे जाता है और वहां बना रहता है, तो निर्यातक अपनी हेजिंग बढ़ा सकते हैं. ऐसी स्थिति में रुपया और मजबूत होकर 92.50 प्रति डॉलर तक पहुंच सकता है. इसलिए आने वाले दिनों में बाजार की नजर 94 के स्तर पर रहेगी।  RBI की स्कीम से मिला बड़ा फायदा रुपये की मजबूती की एक बड़ी वजह भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से की गई डॉलर की बिक्री और देश में आया बड़ा फॉरेन रिजर्व इंफ्लो माना जा रहा है. RBI ने कुछ महीने पहले विदेशी मुद्रा जुटाने के लिए एक खास योजना, फॉरेन करेंसी नॉन-रेजिडेंट (बैंक) यानी FCNR(B) डिपॉजिट शुरू की थी. आरबीआई ने 31 अगस्त तक कुल 136.37 अरब डॉलर की विदेशी मुद्रा जुटाई. इसमें सबसे बड़ा हिस्सा प्रवासी भारतीयों के जमा पैसे का रहा।  आंकड़ों के मुताबिक, FCNR(B) डिपॉजिट से 127.2 अरब डॉलर आए. इसके अलावा विदेश से ली गई विदेशी मुद्रा उधारी से 5.26 अरब डॉलर और एक्सटर्नल कमर्शियल बारोविंग (ECB) से 3.89 अरब डॉलर मिले. खास बात यह है कि शुरुआत में इस योजना से सिर्फ 50-60 अरब डॉलर आने का अनुमान था. बाद में इसे बढ़ाकर 80 अरब डॉलर किया गया, लेकिन वास्तविक रकम इससे काफी ज्यादा रही।  क्यों शुरू की गई थी यह योजना? RBI ने 8 जून को यह खास विदेशी मुद्रा योजना शुरू की थी. उस समय रुपये पर दबाव बढ़ रहा था. पश्चिम एशिया में तनाव, कच्चे तेल की ऊंची कीमत और विदेशी मुद्रा भंडार में कमी जैसे कारणों से रुपये को नुकसान हो रहा था. ऐसे समय में RBI ने बैंकों और दूसरे माध्यमों से विदेशी मुद्रा जुटाने की सुविधा दी, ताकि देश में डॉलर की उपलब्धता बढ़े और रुपये को सहारा मिले. ऐसे माहौल में RBI ने NRI से विदेशी मुद्रा जुटाने के लिए FCNR(B) डिपॉजिट को बढ़ावा देने की रणनीति अपनाई।  फॉरेन करेंसी नॉन-रेजिडेंट (बैंक) यानी FCNR(B) अकाउंट NRI के लिए एक फिक्स्ड टर्म डिपॉजिट होता है. इसमें NRI अपनी विदेशी कमाई को भारत में विदेशी मुद्रा में जमा कर सकते हैं. उन्हें रकम को पहले भारतीय रुपये में बदलने की जरूरत नहीं होती. इस खाते की खासियत यह है कि मूलधन और उस पर मिलने वाला ब्याज दोनों विदेशी मुद्रा में ही वापस मिलते हैं. ऐसे में NRI को रुपये में उतार-चढ़ाव का जोखिम नहीं उठाना पड़ता।  रुपये के लिए ये 3 बातें फायदेमंद कोटक सिक्योरिटीज के FX एनालिस्ट अनिंद्य बनर्जी के मुताबिक, रुपये को इस समय तीन चीजों से फायदा मिल रहा है. पहला, RBI की योजना से बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा आई है. इससे RBI के पास रुपये को संभालने की ज्यादा क्षमता है. दूसरा, भारत की GDP के मजबूत आंकड़ों से अर्थव्यवस्था को लेकर बाजार का भरोसा बढ़ा है. तीसरा, बैंकिंग सिस्टम में पर्याप्त पैसा मौजूद है. इससे आर्थिक गतिविधियों को भी सहारा मिल रहा है. बनर्जी का अनुमान है कि RBI की इस योजना से कुल फॉरेन रिजर्व इंफ्लो करीब 145 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।  FCNR(B) विंडो बंद, बाकी सुविधाएं जारी RBI की इस योजना के तहत FCNR(B) में नए जमा लेने की सुविधा 31 अगस्त को बंद हो गई. इसे तय समय से करीब एक महीने पहले बंद किया गया है. इसका मतलब है कि इस सुविधा को उम्मीद से ज्यादा अच्छा रिस्पॉन्स मिला. हालांकि, इस योजना के तहत RBI के साथ विदेशी मुद्रा स्वैप की सुविधा 11 सितंबर तक जारी रहेगी. वहीं ECB और OFCB से जुड़ी सुविधा 31 दिसंबर तक खुली रहेगी. CareEdge Ratings के मुताबिक, इस योजना के तहत बड़ी रकम आने से बैंकिंग सिस्टम में पैसे की उपलब्धता बढ़ी है. इससे बैंकों को आने वाले समय में फंडिंग जुटाने में कुछ राहत मिलेगी। 

एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के ठिकानों पर EOW का छापा, 11 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति मिली; बैंक खातों की जांच जारी

बालाघाट बालाघाट में पदस्थ लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यपालन यंत्री कमल किशोर सिंगारे के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ईओडब्ल्यू की टीम ने उनके तीन ठिकानों बालाघाट, भोपाल और छिंदवाड़ा में एक साथ छापामार कार्रवाई की। उनके घर और संपत्तियों की जांच के दौरान 11 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का आकलन किया गया है। हालांकि, यह आंकड़ा और बढ़ सकता है, क्योंकि अभी उनके बैंक लॉकर और 12 बैंक खातों की जांच जारी है।   सिविल कांट्रेक्टर एसोसिएशन ने की थी मामले की शिकायत केके सिंगारे करीब 14 महीने से बालाघाट में कार्यपालन यंत्री के पद पर कार्यरत थे। उन पर ठेकेदारों से निर्माण कार्य के बिल के भुगतान में कमीशन लेने का आरोप लगाया गया था। सिविल कांट्रेक्टर एसोसिएशन ने भी इस संबंध में प्रशासन और विभागीय अधिकारियों को शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद संगठन के महासचिव यूनुस खान ने 13 जुलाई को EOW में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 30 लाख रुपये के भुगतान के बदले 10 लाख रुपये कमीशन की मांग की गई। इसके बाद गुरुवार को ईओडब्ल्यू ने केके सिंगारे के बालाघाट स्थित सरकारी आवास, छिंदवाड़ा स्थित निजी आवास और भोपाल स्थित निजी आवास पर एक साथ छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान चल और अचल संपत्ति को मिलाकर करीब 11 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का आकलन किया जा रहा है। हालांकि, अभी लॉकर और बैंक खातों की जांच जारी है। इसके बाद यह स्पष्ट होगा कि उनके पास कुल कितनी संपत्ति अर्जित की गई है। छिंदवाड़ा में करोड़ों की संपत्ति मिली बालाघाट में कार्रवाई के बाद EOW की टीम उन्हें छिंदवाड़ा स्थित आवास ले गई। वहां EOW को एग्जीक्यूटिव इंजीनियर और उनके रिश्तेदारों के नाम से करोड़ों रुपए की संपत्ति मिली। छिंदवाड़ा स्थित आवास से 3 करोड़ रुपए की जमीन और मकान, 7.50 लाख रुपए नकद, 1 करोड़ रुपए के घरेलू सामान, 52 लाख रुपए के सोने के गहने, 1.20 लाख रुपए के चांदी के गहने, 49 लाख रुपए के दो चार पहिया वाहन, 4 लाख रुपए के तीन दोपहिया वाहन और 1.50 करोड़ रुपए का शॉपिंग कॉम्प्लेक्स मिला है। अभी तक 11 करोड़ से अधिक की संपत्ति का आकलन ईओडब्ल्यू की कार्रवाई में कार्यपालन यंत्री के घर से मिली चल-अचल संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 11 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। छिंदवाड़ा में मिली संपत्ति: करीब 3 करोड़ रुपये का मकान और जमीन के कागजात, 7.50 लाख रुपये नकद, करीब 1 करोड़ रुपये के घरेलू सामान, 52 लाख रुपये के सोने के गहने, 1.20 लाख रुपये के चांदी के गहने, 49 लाख रुपये के दो चार पहिया वाहन, 4 लाख रुपये के तीन दोपहिया वाहन, 1.50 करोड़ रुपये का शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, 2 करोड़ रुपये की जमीन और निर्माण, छत पर स्विमिंग पूल, 8 लाख रुपये का ट्रैक्टर, 1.50 लाख रुपये की ट्रॉली और 5 लाख रुपये के कृषि उपकरण।     बालाघाट में मिली संपत्ति- 2.5 लाख रुपये नकद और करीब 25 लाख रुपये का फोर व्हीलर वाहन।     भोपाल में मिली संपत्ति- 2 करोड़ रुपये की जमीन और मकान तथा 3.50 लाख रुपये के घरेलू सामान। इसके अलावा उनके परिवार और उनके नाम से संचालित 12 बैंक खातों की जांच जारी है। बैंक लॉकर की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही कुल संपत्ति और कथित अनुपातहीन संपत्ति का अंतिम आकलन स्पष्ट हो सकेगा।  12 बैंक खाते और फार्म हाउस भी जांच के दायरे में इसके अलावा, कमलकिशोर सिंगारे और उनके परिवार के नाम से अलग-अलग बैंकों में 12 खाते मिले हैं। EOW इन खातों में जमा राशि की जानकारी जुटा रही है। छिंदवाड़ा के फार्म हाउस में 2 करोड़ रुपए जमीन और निर्माण पर खर्च किए जाने की जानकारी मिली है। फार्म हाउस की छत पर स्विमिंग पूल भी बना है। यहां से 8 लाख रुपए का महिंद्रा ट्रैक्टर, 1.50 लाख रुपए की ट्रॉली और 5 लाख रुपए के अन्य कृषि उपकरण मिले हैं। बैंक खातों और लॉकर की भी जांच जारी EOW डीएसपी मंजीत सिंह ने बताया कि जांच अभी जारी है। टीम अन्य संपत्तियों, बैंक खातों और लॉकरों की भी जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि आगे की जांच में और भी संपत्तियों का खुलासा होने की संभावना है। भोपाल आवास से 2 करोड़ की संपत्ति मिली भोपाल स्थित आवास से 2 करोड़ रुपए की जमीन और मकान तथा 3.50 लाख रुपए के घरेलू सामान की इवेंट्री मिली है। EOW के अनुसार, अब तक की जांच में कुल 11 करोड़ रुपए की संपत्ति सामने आई है। सर्च अभी जारी है, इसलिए कार्रवाई के दौरान और संपत्ति मिलने की संभावना है। EOW ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्यपालन यंत्री कमलकिशोर सिंगारे के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।

अभिजीत दीपके से क्यों भिड़े मनीष ब्रह्मभट्ट? जानें कौन हैं CJP-D बनाने वाले नेता

नई दिल्ली कॉकरोच जनता पार्टी बनी और टूटकर दो हिस्से होने की कगार पर भी है। खबर है कि सामाजिक कार्यकर्ता मनीष ब्रह्मभट्ट ने गुरुवार को कॉकरोच जनता पार्टी D का ऐलान कर दिया है। इसका मतलब 'डेमोक्रेटिक' या 'लोकतांत्रिक' से है। उन्होंने सीजेपी पर राजनीति करने के आरोप लगाए हैं। कौन हैं ब्रह्मभट्ट जो सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के बाद अब अलग सीजेपी की शुरुआत कर रहे हैं। ब्रह्मभट्ट के आरोप हैं कि संगठन अब AAP यानी आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के करीबी लोगों की 'मनमाने ढंग से चुनी गई टीम' बन गया है। साथ ही कहा कि इसमें आंदोलन में शामिल रहे लोगों को प्रतिनिधित्व करने का मौका नहीं मिल रहा है। ब्रह्मभट्ट ने कहा, 'आज हम कॉकरोच जनता पार्टी-लोकतांत्रिक की शुरुआत कर रहे हैं।' कौन हैं मनीष ब्रह्मभट्ट एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स के माय नेता पर दर्ज जानकारी के अनुसार, ब्रह्मभट्ट गुजरात के पालनपुर के हैं। उन्होंने हेमचंद्राचार्य यूनिवर्सिटी से साल 2006 में एलएलबी की है। इससे पहले इसी विश्वविद्यालय से 2005 में बीकॉम की थी। खास बात है कि वह चुनावी राजनीत में भी किस्मत आजमा चुके हैं, लेकिन कुछ खास सफलता नहीं मिली। उन्होंने साल 2022 में पालनपुर सीट से ही गुजरात विधानसभा चुनाव लड़ा था। निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरे ब्रह्मभट्ट को हार का सामना करना पड़ा था और महज 964 वोट ही हासिल किए थे। इस सीट पर तब भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार अनिकेत ठक्कर ने 95 हजार से ज्यादा वोट लेकर जीत हासिल की थी। अलग होकर क्या बोले मनीष ब्रह्मभट्ट CJP-डेमोक्रेटिक के फाउंडर ब्रह्मभट्ट ने कहा, 'आज हम 'कॉकरोच जनता पार्टी डेमोक्रेटिक' लॉन्च कर रहे हैं… हमें ऐसा क्यों करना पड़ा? यह आंदोलन देश का था। यह इसलिए सफल हुआ क्योंकि लोगों ने इसमें अपना खून-पसीना बहाया था, लेकिन आंदोलन की सफलता के बाद इसे बेच दिया गया और इसका राजनीतिकरण कर दिया गया। अब यह 'टीम केजरीवाल' बन गई है क्योंकि अभिजीत दीपके और अन्य लोगों ने अपने घरों में आराम से बैठकर 12 सदस्यों की टीम बना ली।' उन्होंने कहा, 'आंदोलन की सफलता के बाद किसी भी वॉलंटियर या प्रदर्शनकारी को न तो बुलाया गया और न ही उनसे राय ली गई। सोशल मीडिया या इंस्टाग्राम से जुड़े लोगों से भी जरूरी शर्तों के बारे में नहीं पूछा गया। इसके बजाय उन्होंने आम आदमी पार्टी से जुड़े आठ लोगों, एक महिला मित्र और कॉलेज के दोस्तों को शामिल करके टीम बना ली।' उन्होंने कहा, 'हम चाहते थे कि यह एक राष्ट्रीय टीम हो, जिसमें हर राज्य से पांच लोग हों और उन क्षेत्रों से प्रदर्शनकारियों और वॉलंटियर्स को चुना जाए। हमने इच्छा जताई थी कि चयन प्रक्रिया 'हाई कमांड' या किसी मनमाने अधिकारी के इशारे पर न हो, लेकिन उन्होंने इस इच्छा को ठुकरा दिया और मनमाने ढंग से टीम बना ली। इस टीम को बनाने का विचार भी अरविंद केजरीवाल का ही था क्योंकि वे शुरू से ही धोखेबाज रहे हैं। जब अन्ना आंदोलन शुरू हुआ, तो उन्होंने अन्ना का फायदा उठाया…।'

जन्माष्टमी पर बन रहे 4 शुभ राजयोग, इन 9 राशियों पर बरसेगी श्रीकृष्ण की कृपा

कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस साल सिर्फ भक्ति और उत्सव का ही नहीं, बल्कि ज्योतिषीय दृष्टि से भी बेहद खास माना जा रहा है. 4 सितंबर, शुक्रवार को पड़ रही जन्माष्टमी के दिन ग्रहों की स्थिति कई शुभ योग बना रही है. चंद्रमा अपनी उच्च राशि वृषभ में रहेंगे, जबकि शुक्र तुला राशि में स्थित होकर मालव्य राजयोग का निर्माण करेंगे. वहीं, सूर्य और बुध की सिंह राशि में युति से बुधादित्य राजयोग बनेगा. कर्क राशि में गुरु की स्थिति हंस राजयोग को प्रभावशाली बना रही है. ऐसे में माना जा रहा है कि जन्माष्टमी के दिन बनने वाले ये ग्रहों के शुभ संयोग कई राशियों के लिए धन, सफलता, करियर में प्रगति और नई उपलब्धियों के रास्ते खोल सकते हैं. आइए जानते हैं कि 4 सितंबर को किन राशियों पर भगवान श्रीकृष्ण के साथ-साथ ग्रहों की विशेष कृपा देखने को मिल सकती है. कृष्ण जन्माष्टमी पर बन रहे हैं ये शुभ राजयोग आज चंद्रमा वृषभ राशि में रहेंगे, जिसे उनकी उच्च राशि माना जाता है. शुक्र अपनी स्वराशि तुला में स्थित होकर मालव्य राजयोग बनाएंगे. इसके अलावा, सूर्य और बुध की सिंह राशि में युति बुधादित्य राजयोग का निर्माण करेगी. गुरु कर्क राशि में रहकर हंस राजयोग का प्रभाव देंगे. मंगल मिथुन राशि में, शनि मीन राशि में, राहु कुंभ राशि में और केतु सिंह राशि में रहेंगे. ग्रहों की यह स्थिति सभी 12 राशियों पर अलग-अलग प्रभाव डाल सकती है. तो आइए जानते हैं कि कृष्ण जन्माष्टमी किन राशियों को पैसे वाला बनाएगी. मेष राशि: धन लाभ के खुल सकते हैं नए रास्ते मेष राशि के लोगों के लिए जन्माष्टमी का दिन आर्थिक मामलों में राहत देने वाला हो सकता है. रुका हुआ धन मिलने की संभावना बन सकती है या आय के नए स्रोतों पर विचार आगे बढ़ सकता है. कामकाज में आपकी मेहनत का परिणाम मिलने के योग हैं. कोई अच्छी खबर भी मिल सकती है. वृषभ राशि: सकारात्मक ऊर्जा से भरा रहेगा दिन वृषभ राशि के जातकों के लिए जन्माष्टमी का दिन उत्साह और सकारात्मकता लेकर आ सकता है. आत्मविश्वास बढ़ेगा और जरूरी कामों को पूरा करने में सफलता मिल सकती है. निजी और व्यावसायिक जीवन में स्थिति पहले से बेहतर महसूस हो सकती है. कर्क राशि: आय में वृद्धि के बन सकते हैं योग कर्क राशि के जातकों के लिए यह समय खासा लाभकारी साबित हो सकता है. कमाई के नए अवसर सामने आ सकते हैं और व्यवसाय से जुड़े लोगों को सफलता मिल सकती है. पुराने संपर्क भी लाभ पहुंचा सकते हैं. मेहनत का अच्छा परिणाम मिलने की संभावना रहेगी. सिंह राशि: भाग्य का मिलेगा साथ सिंह राशि के लोगों के लिए जन्माष्टमी का दिन उपलब्धियों से जुड़ा हो सकता है. भाग्य का सहयोग मिलने से रुके हुए काम गति पकड़ सकते हैं. कोर्ट-कचहरी या किसी विवाद से जुड़े मामलों में स्थिति आपके पक्ष में जा सकती है. करियर में भी कोई अच्छी खबर मिलने की संभावना है. कन्या राशि: यात्रा और नए अवसरों के संकेत कन्या राशि के जातकों के लिए यात्रा के योग बन सकते हैं. यह यात्रा काम, व्यापार या किसी जरूरी उद्देश्य से जुड़ी हो सकती है. भाग्य का सहयोग मिलने से नई योजनाओं पर काम शुरू करने का अवसर मिल सकता है. धार्मिक गतिविधियों में भी मन लग सकता है. वृश्चिक राशि: जीवनसाथी और करियर से मिलेगी राहत वृश्चिक राशि के जातकों को जीवनसाथी का भरपूर सहयोग मिल सकता है. वैवाहिक जीवन में आपसी समझ बेहतर होगी. नौकरी करने वाले लोगों के लिए भी दिन अच्छा रह सकता है. कार्यक्षेत्र में आपकी स्थिति मजबूत हो सकती है और जिम्मेदारियों को सफलतापूर्वक निभाने में कामयाबी मिलेगी. धनु राशि: विरोधियों पर रहेगा आपका दबदबा धनु राशि के लोगों को कुछ विरोध या प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन विरोधी आपको ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा पाएंगे. आपकी कार्यक्षमता और आत्मविश्वास मजबूत रहेगा. कार्यक्षेत्र में आपका प्रभाव बढ़ सकता है और मुश्किल परिस्थितियों से निकलने में सफलता मिलेगी. कुंभ राशि: संपत्ति और वाहन सुख के बन रहे हैं योग कुंभ राशि के जातकों के लिए भूमि, भवन या वाहन से जुड़े मामलों में सकारात्मक स्थिति बन सकती है. संपत्ति खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं. पारिवारिक जीवन में भी कोई महत्वपूर्ण फैसला लिया जा सकता है. मीन राशि: मेहनत और पराक्रम दिलाएंगे सफलता मीन राशि के लोगों के लिए जन्माष्टमी का दिन कामकाज और व्यवसाय के लिहाज से अच्छा रह सकता है. आपकी मेहनत रंग ला सकती है और नई जिम्मेदारियों को पूरा करने में सफलता मिल सकती है. व्यापार में प्रगति के संकेत हैं. अपने प्रयासों और फैसलों पर भरोसा रखने से अच्छे परिणाम मिल सकते हैं.

गंगा ने बढ़ाई पटना की मुसीबत, बिंद टोली से मनेर तक तबाही; हजारों परिवार बेघर

पटना  बिहार में बाढ़ हाहाकारी रूप धारण करती जा रही है। राजधानी पटना में गंगा नदी खतरे के निशान से दो मीटर ऊपर बह रही है। आज गंगा नदी अब तक के सबसे उच्चतम जलस्तर को पार कर सकती है। सोन, पुनपुन और दरधा नदियों में बढ़ा जलस्तर पटना जिले के निचले इलाकों में तबाही मचाने लगी हैं। घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। बिंद टोली में सैकड़ों घर डूब गए हैं। मिट्टी के घर ध्वस्त हो गए हैं। करीब 1500 परिवार जेपी गंगा पथ पर प्लास्टिक के टेंट बनाकर रहने को विवश हैं। गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पटना जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शहर में बाढ़ का पानी प्रवेश न करे, इसके लिए डीएम ने पटना सुरक्षा दीवार बांध के सभी 108 गेट को पूरी तरह से बंद करने का निर्देश दिया है। यही नहीं, दीवार के 13 स्लूइस गेट को तत्काल डीएम की मौजूदगी में ही दुरुस्त कराया गया। पीएचईडी विभाग के सभी पर्यवेक्षकों और जिला कार्यालय के पदाधिकारियों की छुट्टियां बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। दियारा और अन्य निचले इलाकों की दर्जनों पंचायतों में हजारों एकड़ धान और मकई की फसलें डूब चुकी हैं। कई सड़कें बाढ़ में बहकर ध्वस्त हो गई हैं। सड़क संपर्क टूटने लगा है। हजारों लोगों की आबादी घरों में कैद है। रोजगार के साधन खत्म होने लगे हैं। गांवों में बाढ़ का पानी जमा होने से मनेर से मोकामा तक हजारों परिवार ऊंची जगहों, रेलवे स्टेशनों, सड़कों, स्कूल व अन्य स्थानों पर शरण लेने को विवश हैं। कई जगहों पर प्रशासन से कोई सुविधा नहीं मिलने की भी शिकायत लोग कर रहे हैं। सबसे भयावह स्थिति दीघा क्षेत्र स्थित बिंद टोली की है। बाढ़ का पानी घुस चुका है। लोगों के घर डूब चुके हैं। यहां लेागों को पीने के साफ पानी के लिए भी जूझना पड़ रहा है। यहां बसे रितिक कुमार, बलराम जी, शकुंतला देवी ने बताया कि चौकी-बिछावन पानी में डूब चुका है। कुछ बर्तन-चूल्हा और मवेशियों को लेकर यहां पहुंचे हैं। यहीं पर दो दिनों से किसी तरह गुजारा हो रहा है। मवेशियों को चारा नहीं मिल रहा है मनेर का इस्लामगंज बना टापू,मरीजों की जान सांसत में गंगा और सोन के बीच बसा मनेर का इस्लामगंज गांव टापू बन गया है। पानी गांव के चारों ओर फैल गया है। आवाजाही का एकमात्र सहारा नाव है। खाना बनाने से लेकर शौच तक के लिए भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सबसे ज्यादा प्रभावित महिलाएं और बच्चे हैं। गांव की सुमित्रा देवी, झुमकी सहनी समेत कई महिलाओं ने बताया कि सबसे ज्यादा परेशानी बीमार पड़ने पर होती है। रात में नाव नहीं चलती। ऐसे में मरीज को खटिया पर लादकर पैदल ही मनेर तक जाना पड़ता है। गीता देवी, कौशल्या देवी, रीना देवी नीलम देवी ने बताया कि गांव की बिजली गुल है। खतरे के निशान से दो मीटर ऊपर बह रही गंगा पटना में गुरुवार को गंगा के जलस्तर में और बढ़ोतरी हो गई है। मनेर से मोकामा तक गंगा खतरे के निशान से लगभग दो मीटर ऊपर बह रही है। हालांकि गुरुवार की सुबह की तुलना में देर शाम को जलस्तर में हल्का गिरावट (20 सेमी.) देखा गया है। जल संसाधन विभाग की मानें तो प्रयागराज और वाराणसी में गंगा के जलस्तर में भारी बढ़ोतरी के कारण पटना में गंगा का जलस्तर बढ़ा है। वहां पर खतरे के निशान से लगभग पांच मीटर ऊपर गंगा बह रही है। जैसे-जैसे वहां के जलस्तर में कमी आएगी, पटना में भी खतरा कम होता जाएगा। अधिकारियों को 24 घंटे निगरानी का निर्देश कुछ स्था पर स्लूइस गेटों से रिसाव की शिकायत मिली। इस पर डीएम ने 13 स्लूइस गेटों के लीकेज को बंद करवाया। अधिकारियों को 24 घंटे निगरानी का निर्देश दिया। साथ ही निगम के सभी ड्रेनेज पंपिंग स्टेशनों को पूरी क्षमता के साथ चालू रखने को कहा गया है। पाटलिपुत्र कॉलोनी और आसपास के निचले इलाकों में जल प्रवेश रोकने को विशेष व्यवस्था करने को कहा गया है। सदाकत आश्रम के पास नाले के रास्ते शहर में पानी आने की आशंका को देखते जल संसाधन और नगर निगम की टीम को रातभर में नाला बंद करने को कहा गया। जल संसाधन विभाग, नगर निगम और बुडको की संयुक्त टीम को आपसी समन्वय से इस काम को तुरंत पूरा करने को कहा गया। सुरक्षा बांध के गेट से पानी का बहाव होने पर दीघा से बोरिंग रोड, राजापुर पुल, कुर्जी से लेकर मंदिरी आदि मोहल्लों में बाढ़ का खतरा हो सकता है। पटना में गंगा नदी के जल स्तर का जायजा लेते नीतीश कुमार नीतीश कुमार ने बाढ़ की स्थिति का जायजा पूर्व मुख्यमंत्री व जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि वे गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर घबराएं नहीं। वे गुरुवार को पटना में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर एवं उत्पन्न बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने जेपी सेतु क्षेत्र से लेकर सिक्स लेन पुल तक पहुंचकर गंगा के जलस्तर, नदी के बहाव एवं आसपास निरीक्षण किया। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा इस दौरान उनके साथ थे।

दो पत्नियों के बाद तीसरी ‘जूली’ के साथ भागा पति, 4 बच्चों की मां पहुंची SP के दरबार

जहानाबाद  बिहार के जहानाबाद जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शख़्स ने अपनी 2 बीवियों को छोड़कर तीसरी के साथ फरार हो गया. जैसे ही घटना की जानकारी सामने आई, उसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई. यह मामला गुरुवार का है. अब इस बात को लेकर दोनों पत्नी पुलिस अधीक्षक कार्यालय आवेदन देने पहुंची हैं. सोचने वाली बात यह है कि दोनों बीवी से दो बेटे और दो बेटी हैं, लेकिन तीसरी बीवी जूली के साथ भागने वाली के पास भी 2 बच्चे हैं. अब पुलिस से मदद को लेकर दोनों पत्नियां पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची हैं. इससे पूर्व नगर थाना भी गईं थी।  दरअसल, मामला जहानाबाद जिला मुख्यालय स्थित मलहचक मोड़ का है. 15 साल पहले राजू लाल की शादी हिंदू रीति रिवाज से शकूराबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला रिंकू देवी के साथ शादी हुई थी. जीवन शुरुआत में सब सही चल रहा था. दो बेटे भी हुए. पति शुरुआत से होटल में काम करता था. होटल में काम के दौरान ही एक और महिला से प्रेम प्रसंग हो गया. बाद में उस महिला के साथ भी फरार हो गया. इसके बाद बहुत लड़ाई झगड़ा हुआ, लेकिन बाद में किसी तरह पहली पत्नी, दूसरी पत्नी के साथ शादी करवाने को राजी हो गई।  अब दो बीवी को छोड़कर तीसरी के साथ फरार  जानकारी के अनुसार, राजू लाल 45 साल का है और 8 साल पहले दूसरी पत्नी खुशबू देवी से भी शादी हो गई. किसी तरह दोनों पत्नियां साथ में रहने लगे. दूसरी से दो बेटी भी हुई।  4 दिन का बंधा हुआ था दिन पीड़िता के अनुसार, दोनों पत्नी रिंकू देवी और खुशबू देवी को लेकर मलहचक मोड़ पर किराए पर रखता था. साथ ही दोनों को 4-4 दिन समय देता था. इस पर पहली पत्नी तैयार हो गई. इसके बाद दोनों का खर्च जुटाने का कार्य कर रहा था. हालांकि, शुरू में गलत आचरण के पति राजू लाल ने होटल में ही काम करते हुए एक और महिला के साथ बात करना शुरू कर दिया. पहली पत्नी को भनक लगी तो मोबाइल में चेक करना शुरू कर दिया. कुछ -कुछ ऐसा लगने पर पति-पत्नी में जमकर झगड़ा हुआ. इसी कड़ी में बुधवार को होटल में काम करने के दौरान ही युवक साथ ही काम कर रही महिला जूली के साथ फरार हो गया।  चार बच्चों का पिता है राजू लाल पहली पत्नी रिंकू देवी ने बताया कि हम इंसाफ को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय आए हुए हैं. इससे पहले नगर थाना भी गया. हमारे साथ में दूसरी पत्नी भी मौजूद है. दोनों से चार बेटे बेटी हैं. अब वो तीसरी के साथ फरार हो गया है. हमलोगों को धोखा देकर इस प्रकार से कार्य कर रहा है तो कैसे बर्दाश्त करेंगे. अपने पति के खिलाफ केस करेंगे और उसे सजा दिलवाएंगे. इसी उम्मीद से पुलिस अधीक्षक कार्यालय आए हैं।  ‘दो दिन से भूखे हैं हमलोग’ वहीं, दूसरी पत्नी खुशबू देवी ने बताया कि हमने ऐसा इंसान तो देखा ही नहीं है. दो पत्नी को साथ रखने के बाद तीसरी के साथ फरार हो गया है. ऐसे में पहले से हमलोग परेशान हैं और दो दिन से भूखे हैं और छोटे- छोटे बच्चे घर पर हैं. इंसाफ की गुहार लगाने को पुलिस अधीक्षक कार्यालय आई हुई हैं। 

भारत ने ग्रुप-A में किया टॉप, सेमीफाइनल की तस्वीर साफ; जानें किस टीम से होगा मुकाबला

नई दिल्ली विमेंस एशिया कप 2026 में टीम इंडिया का दबदबा जारी है। थाइलैंड को 94 रनों से रौंदने के बाद भारत ने अपने दूसरे मुकाबले में स्मृति मंधाना के शतक के दम पर हॉन्ग-कॉन्ग को 137 रनों से धूल चटाई। इस धमाकेदार जीत से भारत ने ना सिर्फ विमेंस एशिया कप ग्रुप-ए पॉइंट्स टेबल में अपनी नंबर-1 की पोजिशन मजबूत कि बल्कि सेमीफाइनल के लिए भी क्वालीफाई किया। भारत विमेंस एशिया कप 2026 सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बन गई है। टीम इंडिया ने हॉन्ग-कॉन्ग के खिलाफ पहले बैटिंग करते हुए 194 रनों का टारगेट रखा था, जिसके सामने विपक्षी टीम ने 16.2 ओवर में महज 56 के स्कोर पर हथियार डाल दिए। भारत का लीग स्टेज का तीसरा और आखिरी मुकाबला चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से है। यह भारतीय टीम के लिए अब सिर्फ एक औपचारिक मैच ही होगा क्योंकि टीम इंडिया को पहले ही सेमीफाइनल का टिकट मिल चुका है। विमेंस एशिया कप 2026 ग्रुप-ए पॉइंट्स टेबल हॉन्ग-कॉन्ग पर 137 रनों की इस बड़ी जीत का असर भारत के नेट रन रेट पर साफ देखने को मिल रहा है। विमेंस एशिया कप 2026 पॉइंट्स टेबल में टीम इंडिया के खाते में 2 मैच के बाद 4 अंक है और भारत का नेट रन रेट 5 के पार है, जबकि दूसरा सर्वश्रेष्ठ नेट रन रेट श्रीलंका का 4.129 का है। भारत ने लगातार दूसरी जीत के साथ सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। ग्रुप-ए से दूसरी टीम पाकिस्तान सेमीफाइनल में कदम रख सकती है। भारत को 5 सितंबर को होने वाली बहुप्रतीक्षित मुकाबले के बाद उन्हें ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ खेलना है। पाकिस्तान पॉइंट्स टेबल में इस समय दूसरे पायदान पर है। टीम    मैच    जीत    हार    नो रिजल्ट    पॉइंट्स    नेट रन रेट भारत    2    2    0    0    4    +5.775 पाकिस्तान    1    1    0    0    2    +1.750 थाइलैंड    3    1    2    0    2    -2.050 हॉन्ग-कॉन्ग    2    0    2    0    0    -3.575 विमेंस एशिया कप 2026 ग्रुप-बी पॉइंट्स टेबल ग्रुप-बी में इस समय श्रीलंका का राज चल रहा है। श्रीलंका ने भी भारत की तरह लगातार दो मुकाबले जीत लिए हैं, हालांकि उनकी अधिकारिक रूप से सेमीफाइनल में जगह कन्फर्म नहीं हुई है। उनका आखिरी मैच बांग्लादेश से बाकी है, जो 6 सितंबर को खेला जाएगा। बांग्लादेश ने अभी तक टूर्नामेंट में एक ही मैच खेला है, जिसमें इंडोनेशिया के खिलाफ 71 रनों से जीत दर्ज कर टीम दूसरे पायदान पर बनी हुई है। ये दोनों टीमें ही सेमीफाइनल की प्रबल दावेदार हैं। टीम    मैच    जीत    हार    नो रिजल्ट    पॉइंट्स    नेट रन रेट श्रीलंका    2    2    0    0    4    +4.129 बांग्लादेश    1    1    0    0    2    +3.550 इंडोनेशिया    2    0    2    0    0    -3.650 यूएई    1    0    1    0    0    -6.263 भारत का विमेंस एशिया कप 2026 सेमीफाइनल मैच किस टीम से? विमेंस एशिया कप 2026 में भारत का लीग स्टेज का तीसरा और आखिरी मैच पाकिस्तान से 5 सितंबर को है। अगर टीम इंडिया इस मुकाबले को जीतने में कामयाब रहती है तो वह जीत की हैट्रिक लगाकार सेमीफाइनल खेलने उतरेगी। भारत सेमीफाइनल में कदम ग्रुप-ए की टॉपर टीम बनकर रखेगा, ऐसे में नियमों के अनुसार उनका मुकाबले ग्रुप-बी में दूसरे पायदान पर रहने वाली टीम से होगा। ज्यादातर संभावना है कि इस पोजिशन पर बांग्लादेश की टीम रहेगी। अगर बांग्लादेश की टीम श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में कुछ बड़ा उलटफेर करने में कामयाब रहती है तो इक्वेशन थोड़ी बदल सकती है। इस स्थिति में भारत-श्रीलंका सेमीफाइनल देखने को मिल सकता है। नियमों के अनुसार विमेंस एशिया कप 2026 पहला सेमीफआइनल ग्रुप-ए की नंबर-1 टीम और ग्रुब-बी में दूसरे पायदान पर रहने वाली टीमों के बीच होगा। वहीं दूसरे सेमीफाइनल ग्रुप-ए में दूसरे पायदान पर रहने वाली टीम और ग्रुप-बी की टॉपर के बीच होगा।

पंजाब में फिर बदला मौसम, जालंधर-पठानकोट में बरसे बादल; 9 सितंबर तक बारिश के आसार

जालंधर पंजाब में मौसम बदल गया है। जालंधर, लुधियाना और पठानकोट में शुक्रवार को बारिश हुई। वहीं चंडीगढ़ और मोहाली में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज (4 सितंबर) पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, नवांशहर और मोहाली में कुछ जगह भारी बारिश हो सकती है। राज्य का अधिकतम तापमान 0.1 डिग्री गिरा है। बठिंडा में सबसे अधिक 36.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 4 और 5 सितंबर को बारिश का जोर रहेगा। इसके बाद भी बारिश की संभावना है। वहीं, मानसून सीजन में बारिश सामान्य से 34% कम हुई है। चंडीगढ़ समेत कई जिलों में बारिश मौसम विभाग के मुताबिक आज गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में एक-दो जगह बारिश के आसार हैं। 9 सितंबर तक बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार उत्तर हरियाणा में बने चक्रवाती सिस्टम व मानसून ट्रफ के असर से पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश का दौर जारी रहेगा। पंजाब में 9 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिलेगी। बारिश होने से बिजली की मांग घटी पंजाब में बिजली की कुल मांग 11,944 मेगावाट रही, जबकि राज्य में 3,799 मेगावाट बिजली का उत्पादन हुआ। 8,146 मेगावाट बिजली ड्रॉ की गई, जो तय शेड्यूल से 68 मेगावाट ज्यादा रही। बिजली की फ्रीक्वेंसी 50 हर्ट्ज दर्ज की गई। हालांकि, वीरवार को दिन में बिजली की मांग 15 हजार मेगावाट से अधिक पहुंच गई थी।

9 दिन तक सुरंग में फंसे रहे दो लोग, नेपाल में रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला

काठमांडू नेपाल में 26 अगस्त की फ्लैश फ्लड के नौ दिन बाद त्रिशूली-3A हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की सुरंग से दो लोगों को जिंदा बाहर निकाला गया है. रेस्क्यू किए गए लोगों की पहचान मैकेनिकल फोरमैन संजय साह और मैकेनिकल सुपरवाइजर कबीर महार्जन के तौर पर हुई है. शुक्रवार को पहले संजय साह को बाहर निकाला गया और उसके बाद कबीर महार्जन को भी सुरक्षित निकाल लिया गया।  यह रेस्क्यू तब संभव हुआ जब टीमों को सुरंग के अंदर से इंसानी आवाजें सुनाई दीं. रेस्क्यू टीम ने अंदर फंसे लोगों से कहा, "घबराएं नहीं, हम आपको बचाने आए हैं." इसके जवाब में अंदर से आवाज सुनाई दी।  इसके बाद नेपाली सेना और सशस्त्र पुलिस बल ने ऑपरेशन तेज किया और सुरंग के अंदर मौजूद लोगों से संपर्क स्थापित किया. रेस्क्यू टीमों को आशंका है कि अभी और लोग सुरंग के अंदर फंसे हो सकते हैं, इसलिए तलाश जारी है।  26 अगस्त को आई विनाशकारी फ्लैश फ्लड ने त्रिशूली नदी के पूरे कॉरिडोर में भारी तबाही मचाई थी. इस हादसे में 1,252 लोगों की मौत हुई और कई हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स के साथ प्रमुख सड़क संपर्क भी प्रभावित हुए. मुश्किल हालात के बीच रेस्क्यू टीमें लगातार सुरंगों और क्षतिग्रस्त ढांचों में फंसे दूसरे लोगों की तलाश कर रही हैं।  900 से ज्यादा हाइड्रोपावर कर्मचारी लापता 26 अगस्त को आई भयानक फ्लैश फ्लड ने नेपाल के कई इलाकों में भारी तबाही मचाई थी. बाढ़ के बाद 12 हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स से जुड़े 900 से ज्यादा कर्मचारी लापता हो गए. इनमें से सैकड़ों के सुरंगों और जमीन के नीचे बने हिस्सों में फंसे होने की आशंका है।  रसुवा और नुवाकोट में बाढ़ से प्रभावित हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स में लापता करीब 500 कर्मचारियों के सुरंगों में फंसे होने की आशंका जताई गई है. बाढ़ शुरू होने के वक्त कुछ कर्मचारियों ने मदद के लिए आवाज लगाई थी. सुरंगों से बाहर निकलने में कामयाब कर्मचारियों ने भी बताया था कि उनके कई साथी अंदर फंसे हुए हैं।  ऑक्सीजन कम होने से बढ़ी चिंता रेस्क्यू ऑपरेशन लंबा खिंचने के बीच विशेषज्ञों को सुरंगों के अंदर ऑक्सीजन का स्तर कम होने की चिंता है. इससे अंदर फंसे लोगों के बचने की संभावना लगातार चुनौतीपूर्ण होती जा रही है।  इस बीच, सुरंग के अंदर से एक से ज्यादा लोगों की आवाज सुनाई देना रेस्क्यू टीम और उनके परिवारों के लिए बड़ी उम्मीद लेकर आया है. नेपाली सेना और सशस्त्र पुलिस बल की टीमें अब उन लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश में जुटी हैं। 

₹5 करोड़ रिश्वत के आरोप पर घमासान, CM मान की पत्नी ने मजीठिया-खैहरा को थमाया नोटिस

चंडीगढ़  पंजाब के CM भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर मान ने कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैहरा और अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को लीगल नोटिस भेजा है। नोटिस में दोनों से 24 घंटे के भीतर माफी मांगने को कहा गया है। नोटिस में कहा गया है कि अगर दोनों ने ऐसा नही किया तो करवाई की जाएगी।  यह पूरा मामला हाईकोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस रणजीत सिंह के आरोपों से जुड़ा है। जिसमें उन्होंने दावा किया था कि डॉ. गुरप्रीत कौर ने एक रेप केस, जिसमें गुर चहल को मुख्य आरोपी बताया गया, को दबाने और एक कारोबारी के खिलाफ मामला रद्द कराने के लिए कथित तौर पर ₹5 करोड़ की मांग की थी। 2 सितंबर को अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो-वीडियो पोस्ट किया था। मजीठिया ने दावा किया कि इसमें आरोपी से जुड़े कथित बिचौलियों और डॉ. गुरप्रीत कौर के रिश्तेदार के बीच पैसों के लेनदेन संबंधित बातचीत है। इधर, सुखपाल सिंह खैहरा ने कहा कि आज मुझे सीएम भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर की ओर से एक कानूनी नोटिस मिला है। मैं इस नोटिस का कोई जवाब नहीं दूंगा और उन्हें चुनौती देता हूं कि मेरे खिलाफ मानहानि का केस या उनकी ‘पुलिस स्टेट’ जो भी कार्रवाई कर सकती है, कर ले। पहले जानिए क्या है पूरा मामला अगस्त 2026 में सीएम भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर पर पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के पूर्व जज रणजीत सिंह ने आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि डॉ. गुरप्रीत ने कथित तौर पर एक रेप के मामले में आरोपी से 5 करोड़ रुपए की मांग की थी, और एक व्यवसायी के खिलाफ दर्ज मामले को रद्द करवाने में मदद करने का प्रस्ताव दिया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि डॉ गुरप्रीत का एक करीबी रिश्तेदार आरोपी के लगातार संपर्क में था और उसे पैसे देने और अपनी जान बचाने के लिए परेशान कर रहा था। रिटायर्ड जज को नोटिस भेज चुकीं 23 अगस्त को डॉ. गुरप्रीत कौर ने रिटायर्ड जज रणजीत सिंह को नोटिस भेजते हुए 5 करोड़ रुपए के आरोपों को खारिज किया था। कानूनी नोटिस में रिटायर्ड जस्टिस रणजीत सिंह से अपने बयान वापस लेने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा गया था। इसके लिए 24 घंटे की समय-सीमा दी गई थी। नोटिस में दावा किया गया था कि आरोप लगाने वाले रिटायर्ड जस्टिस रणजीत सिंह कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैहरा के रिश्तेदार हैं। इसमें आरोपों के पीछे राजनीतिक मंशा होने की बात कही गई है। NHRC ने दो सप्ताह में मांगा था जवाब अगस्त में ही लीगल राइट्स ऑब्जर्वेटरी (LRO) की शिकायत के आधार पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने मामले का संज्ञान लिया था। आयोग ने पंजाब के मुख्य सचिव और DGP से मामले में कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी और दो सप्ताह के भीतर जवाब देने को कहा था। मजीठिया ने ऑडियो-वीडियो जारी किए 2 सितंबर को अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की तरफ से सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो-वीडियो शेयर की। मजीठिया ने दावा किया कि इसमें आरोपी से जुड़े कथित बिचौलियों और डॉ. गुरप्रीत कौर के रिश्तेदार के बीच पैसों के लेनदेन, पटियाला जेल में आरोपी को कथित सुविधाएं देने और मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात से संबंधित बातचीत है। कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने 2 सितंबर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मजीठिया वाला एक ऑडियो रिकॉर्डिंग का वीडियो शेयर किया था। जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब पुलिस के DGP से सवाल किया कि क्या वे 5 करोड़ रुपए मांगने वाले अमरदीप ग्रेवाल के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। खैरा ने दावा किया कि अमरदीप का कथित ऑडियो और डॉ. गुरप्रीत कौर के साथ कथित CCTV फुटेज इस मामले से जुड़े हैं।