samacharsecretary.com

भोपाल में दीवाली तक सख्त पहरा, लाइव मॉनिटरिंग और ट्रैफिक डायवर्जन से होगा नियंत्रण

भोपाल  दीवाली त्योहार को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शहर में प्रमुख स्थानों और मुख्य बाजार जैसे न्यू मार्केट, चौक बाजार, बिट्टन मार्केट, 10 नंबर मार्केट, न्यू मार्केट, मंगल वारा सहित शहर के मॉल और प्रमुख इलाके चिह्नित कर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में किसी भी तरह की चोरी, झपटमारी और लूट की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस लगातार गश्त पर रहेंगी। प्लान तैयार कर विशेष निगरानी पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने बताया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है। शहर भर में 500 पुरुष पुलिसकर्मी, 200 महिला पुलिसकर्मी और 75 दुर्गा शक्ति टीम सिविल ड्रेस में तैनात की गई हैं, ताकि भीड़ वाले बाजारों में किसी भी तरह के संदिग्ध गतिविधि पर तैनात टीम तुरंत कार्रवाई करेंगी। महिला सुरक्षा है पहली प्राथमिकता महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मॉल, मंदिर और मार्केट इलाकों में महिला पुलिसकर्मी विशेष निगरानी कर रही हैं। इसके अलावा सिविल ड्रेस में दुर्गा शक्ति टीम बाजारों में गश्त पर रहेंगी। किसी भी आपत्तिजनक स्थिति होने पर तुरंत कार्रवाई के लिए तैयार रहेंगी। कंट्रोल रूम से लाइव निगरानी पुलिस ने बताया कि बाजारों में लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड कंट्रोल रूम से मॉनिटर की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों पर कैमरे से नजर रखी जा रही है। संदिग्ध गतिविधि होने पर डायल 112 करें शिकायत: पुलिस कमिश्नर ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत डायल 100 व नजदीकी पुलिस थाने को दें। आज से पुराने भोपाल में नहीं जा सकेंगे चार पहिया और लोडिंग वाहन — जनकपुरी, जुमेराती, छोटे भैया चौराहा, घोड़ा नक्कास, हनुमानगंज और आजाद मार्केट जैसे इलाकों में लोडिंग वाहन, ऑटो और चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा — करोंद, डीआईजी बंगला, सिंधी कॉलोनी और शाहजहांनाबाद से आने वाले वाहन भोपाल टॉकीज चौराहे से आगे नहीं जा सकेंगे, उन्हें अपने वाहन बाल विहार ग्राउंड में पार्क करना होगा — भारत टॉकीज से आने वाले दोपहिया वाहन अपने वाहन सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान में पार्क करने होंगे — संगम टॉकीज और सब्जी मंडी परिसर में अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। — लखेरापुरा, इतवारा, मारवाड़ी रोड, इब्राहिमपुरा से तीन और चार पहिया वाहन चौक बाजार की ओर नहीं जा सकेंगे, इन्हें सरस्वती स्कूल के पास बनी मल्टीलेवल पार्किंग या सदर मंजिल पार्किंग का उपयोग करना होगा — भीड़ अधिक होने पर दोपहिया वाहन भी इन्हीं पार्किंग स्थलों पर वाहन पार्क कर सकेंगे 10 नंबर मार्केट में वन-वे ट्रैफिक 13 अक्टूबर से 10 नंबर मार्केट में भी दिवाली तक ट्रैफिक व्यवस्था बदली गई है। यहां वन वे ट्रैफिक किया गया है। वाहन वंदे मातरम चौराहे से एंट्री करेंगे और 10 नंबर मार्केट तिराहे से होते हुए नेशनल अस्पताल की ओर जा सकेंगे। वहीं नेशनल अस्पताल वंदे मातरम चौराहे की दिशा में आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। न्यू मार्केट में मल्टीलेवल पार्किंग का करें यूज न्यू मार्केट में भीड़ बढ़ने पर टीटी नगर थाना चौराहे के पास स्थित मल्टीलेवल पार्किंग का यूज करना होगा। यहां रंगमहल चौराहे से थाना चौराहे की दिशा में आवागमन को बदला जा सकता है। एमपी नगर में निर्धारित वाहन पार्किंग में करनी होगी पार्किंग इधर एमपी नगर जोन 1 के व्यापारी और खरीदार स्थानीय मल्टीलेवल पार्किंग और निर्धारित स्थलों पर ही वाहन पार्क कर सकेंगे। बैरागढ़ में चंचल चौराहे के पास मल्टीलेवल पार्किंग व्यवस्था भोपाल के बैरागढ़ यानी संत हिरदाराम नगर के चंचल चौराहे के पास मल्टीलेवल पार्किंग तैयार है। इसके साथ ही नए ब्रिज निर्माण के दौरान पीडब्ल्यूडी की ओर से छोटे अस्थायी पार्किंग स्थल भी बनाए जा रहे हैं। जहां ग्राहक थोड़े समय के लिए अपने वाहन खड़े कर सकेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने की अपील इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि सभी व्यापारी और दुकानदार रात 12 बजे से सुबह 7 बजे के बीज ही सामान की लोडिंग और अनलोडिंग का काम करें, ताकि जाम की स्थिति न बने।

भगवान श्री राम की नगरी में दिवाली का अनोखा त्योहार, 26 लाख दीयों की जगमगाहट से सजेगा अयोध्या

अयोध्या  भारत में दिवाली को लेकर लोगों में अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है, इसके लिए हर तरह की तैयारी शुरू कर दी गई है। वहीं, भगवान राम की नगरी अयोध्या में भी दीपात्सव की तैयारियां आखिरी चरण में है, जहां एक ओर पूरा देश 20 अक्टूबर को दिवाली मनाने वाला है, तो वहीं इससे एक दिन पहले इस त्यौहार को मनाया जाएगा। इस साल 26 लाख से अधिक दीये प्रज्वलित करने की तैयारी की गई है। इसके अलावा, 2000 से अधिक श्रद्धालु सामूहिक महाआरती में शामिल होंगे, जिससे एक नया रिकॉर्ड स्थापित होगा। अयोध्या में इस बार का दीपोत्सव पहले से भी ज्यादा खास होने वाला है। इस बार सरकार ने ऐसा तरीका निकाला है, जिससे देश ही नहीं बल्कि दुनिया के किसी भी कोने में बैठे श्रद्धालु भगवान श्रीराम के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित कर सकेंगे। मोबाइल ऐप लॉन्च जी हां, अब आप घर बैठे ऑनलाइन दीप जला सकते हैं। इसके लिए “दिव्य अयोध्या” नाम का एक मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया है, जिसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। दरअसल, पर्यटन विभाग द्वारा ‘एक दिया राम के नाम’ की शुरुआत की गई है, जो पूरी तरह से डिजिटल है। ऐसे में आप दुनिया के किसी भी कोने से ऑनलाइन दिया जला सकेंगे।     ‘अयोध्या धाम’ में आयोजित होने वाले दीपोत्सव में श्रद्धालु वर्चुअल दीया जला सकेंगे। अयोध्या तीर्थ विकास परिषद ने दुनियाभर के श्रद्धालुओं के लिए यह सुविधा उपलब्ध कराई है।     3 तरह के पैकेज     पर्यटन विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस ऐप के जरिए श्रद्धालु वर्चुअल दीप जलाकर अयोध्या दीपोत्सव में अपनी भागीदारी दर्ज करवा सकते हैं। खास बात यह है कि इसमें तीन तरह के पैकेज रखे गए हैं, जिनमें श्रद्धालु अपनी सुविधा और भावनानुसार कोई भी पैकेज चुन सकते हैं।     राम ज्योति पैकेज, जिसकी कीमत 2100 रुपये है। इसमें रोली, सरयू जल (पीतल के लोटे में), अयोध्या की रज, रामदाना, मिश्री, रक्षा सूत्र, हनुमान गढ़ी के लड्डू और चरण पादुका (खड़ाऊ) जैसे पवित्र सामान शामिल हैं। संकल्प पूरा करने के बाद यह पूरा प्रसाद सीधे श्रद्धालुओं के घर पहुंचाया जाएगा।     दूसरा पैकेज सीता ज्योति है, जिसकी कीमत 1100 रुपये रखी गई है। यह पैकेज माता सीता को समर्पित है। इसमें रोली, सरयू जल, रामदाना, रक्षा सूत्र और हनुमान गढ़ी के लड्डू शामिल हैं। वहीं, तीसरा पैकेज लक्ष्मण ज्योति है, जिसकी कीमत 501 रुपये है। इसमें रोली, अयोध्या की रज, रामदाना, मिश्री और रक्षा सूत्र मिलेगा।     निकाली जाएंगी झांकिया सरकार का कहना है कि अयोध्या दीपोत्सव वैश्विक आयोजन बन चुका है, जो लोगों को श्रद्धा और भक्ति की डोर में जोड़ रहा है। इस पहल से वे लोग भी दीपोत्सव का हिस्सा बन सकेंगे जो अयोध्या नहीं जा पाते। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के विकास और भारतीय संस्कृति की झांकियां भी सजाई जाएगी। दरअसल, सूचना विभाग द्वारा योगी सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा, जिसके तहत 15 आकर्षक झांकियां निकाली जाएगी। वहीं, पर्यटन संस्कृति विभाग द्वारा रामायण के 7 कांडों पर आधारित थीम तैयार की जा रही है, जिसकी झांकियां लोगों का मन मोह लेगी।     प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में ‘दीपोत्सव’ पर रामकथा पर आधारित व सामाजिक संदेश देती झांकियां आकर्षण का केंद्र बनेंगी। कुल 22 झांकियां तैयार हो रही हैं। साथ ही, देश के विभिन्न राज्यों की लोक कलाएं और नृत्य ‘दीपोत्सव’ की शोभा बढ़ाएंगे।     सुरक्षा की व्यवस्था अयोध्या में दिवाली का जश्न 2 दिन पहले से ही शुरू हो जाता है। यहां हर गली-मोहल्ले में एक अलग ही नजारा देखने को मिलता है। सभी भगवान की भक्ति में लीन नजर आते हैं। पूरा शहर रात के समय जगमगा उठता है। हर साल यहां विश्व रिकॉर्ड बनाया जाता है। इस दौरान लोगों में अलग ही उमंग रहती है। सुरक्षा की बात करें तो सभी जगह सुरक्षा व्यवस्था में कड़ाई की गई है। एयरपोर्ट से लेकर राम मंदिर तक हजारों की संख्या में पुलिस बल तैनात रहेंगे। इतना ही नहीं, सुरक्षा की दृष्टि से शहर के चारों तरफ की सीमाएं सील कर दी गई हैं। पूरे शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है जो कि लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। नगर में आने वाले सभी गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है, रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों के सामान की तलाशी लेने के बाद ही उन्हें प्रवेश करने दिया जा रहा है।

हेलिकॉप्टर से हांका लगाकर नीलगाय-काले हिरण पकड़ेंगे, मध्य प्रदेश ने साउथ अफ्रीकी विशेषज्ञ बुलाए

भोपाल  मध्य प्रदेश के मालवा इलाके के किसानों के लिए समस्या बन चुके काला हिरण और नीलगाय को पकड़ने के लिए एक बड़ा और अनूठा अभियान शुरू होने वाला है. दक्षिण अफ्रीका से विशेषज्ञों की 15 सदस्यीय टीम 15 अक्टूबर को भोपाल पहुंचेगी और शाजापुर जिले के कालापीपल से अभियान की शुरुआत करेगी. इस पूरे अभियान के लिए वन विभाग ने रॉबिन्सन हेलिकॉप्टर किराए पर लिया है. यह रेस्क्यू अभियान 15 अक्टूबर से 5 नवंबर तक 20 दिन तक चलेगा. शुरुआत में यह अभियान कालापीपल और शुजालपुर क्षेत्र में चलाया जाएगा. कालापीपल विधानसभा के चार स्थानों (इमलीखेड़ा, भानियाखेड़ी, डुंगलाय, उमरसिंघी, अरनिया काला) को पहले चरण के लिए चिन्हित किया गया है. हेलिकॉप्टर से हांका लगाकर (जानवरों को घेरकर) काले हिरण और नीलगाय को पकड़ा जाएगा.  पकड़े गए जानवरों को विशेष वाहनों से मंदसौर जिले स्थित गांधी सागर सेंचुरी में शिफ्ट किया जाएगा. पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ के अफसरों ने बताया कि यदि यह पायलट फेज सफल रहा, तो इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा. जनता से सहयोग की अपील BJP विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के समक्ष किसानों को हो रहे इस नुकसान का मुद्दा बार-बार उठाया था, जिसके बाद सरकार सक्रिय हुई और यह पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया गया. अब विधायक ने वन विभाग के साथ मिलकर ग्रामीणों से इस अभियान में सहयोग की अपील की है.  उन्होंने जनता से अपील की है कि जिन क्षेत्रों में हिरण और नीलगाय झुंड में हों, उसकी सूचना तत्काल रेस्क्यू टीम या गांव के सरपंच को दें, ताकि लोकेशन के आधार पर टीम अपनी तैयारी पूरी कर सके. यह काम सरपंचों को सौंपा गया है.

BJP में एंट्री के बाद मैथिली ठाकुर के चुनावी मैदान में उतरने के संकेत, इस सीट से मिल सकता है टिकट

पटना  बिहार विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी में नए चेहरे जुड़ने की प्रक्रिया तेज हो गई है. इसी कड़ी में मंगलवार को लोकगायिका मैथिली ठाकुर बीजेपी में शामिल होने जा रही हैं. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उन्हें दरभंगा की अलीनगर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ाया जा सकता है. सूत्र बताते हैं कि अलीनगर सीट से मौजूदा विधायक मिश्रीलाल यादव का टिकट कटना लगभग तय है, और पार्टी इस सीट पर युवा और लोकप्रिय चेहरा लाने के मूड में है. मैथिली ठाकुर के सोशल मीडिया पर बड़े फैन बेस और मिथिला क्षेत्र में लोकप्रियता को देखते हुए बीजेपी उन्हें अपने प्रचार अभियान का चेहरा भी बना सकती है. अगर मैथिली ठाकुर को टिकट मिलता है, तो यह पहली बार होगा जब बिहार की लोक-संस्कृति से जुड़ी कोई प्रसिद्ध गायिका सीधे राजनीतिक मैदान में उतरेंगी. हाल ही में विनोद तावड़े से की थी मुलाकात मैथिली ने हाल ही में बीजेपी के वरिष्ठ नेता और संगठन महासचिव विनोद तावड़े से मुलाकात की थी, जिसके बाद उनके पार्टी में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई थीं. क्या बोलीं मैथिली? मैथिली ने कहा भी था कि बीजेपी नेताओं के साथ आधे घंटे तक बात हुई. बातचीत सकारात्मक रही है. उन्होंने यह भी कहा कि हम एनडीए के समर्थन में हैं और हमेशा से बीजेपी मेरी प्राथमिकता रही है. मैथिली ने कहा था कि दिल्ली में काम के लिए रहती हूं. मेरी आत्मा बिहार से जुड़ी है. बिहार रहकर लोगों की सेवा करना चाहती हूं, विकास में योगदान देना चाहती हूं. चुनाव लड़ने के लिए तैयार मैथिली ठाकुर बता दें, बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने 5 अक्टूबर को अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर मैथिली ठाकुर के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा था कि वर्ष 1995 में लालू राज आने पर जो परिवार बिहार छोड़ गए थे, उस परिवार की बिटिया मैथिली ठाकुर अब बदलते बिहार की रफ्तार देखकर वापस आना चाहती हैं. दरभंगा की रहने वाली मैथिली ठाकुर लोक संगीत और मिथिला संस्कृति के लिए जानी जाती हैं और सोशल मीडिया पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है. इसी साल मैथिली ठाकुर 25 की हुई हैं.  कौन हैं मैथिली ठाकुर? मैथिली बिहार की फेमस सिंगर हैं. वो दरभंगा की रहने वाली हैं. मैथिली लोक संगीत के लिए वो जानी जाती हैं. विदेश में भी मैथिली कॉन्सर्ट करती हैं. 25 साल की सिंगर मिथिला संस्कृति के लिए फेमस हैं. बचपन से मैथिली को गाने का शौक है. वो प्लेबैक सिंगर हैं. क्लासिकल म्यूजिक में उनकी ट्रेनिंग हुई है. मैथिली ने कई भाषाओं में गाने गाए हैं. उनके पिता रमेश ठाकुर और मां भारती ठाकुर मैथिली म्यूजिशियन हैं. दोनों बतौर म्यूजिक टीचर काम करते हैं. मैथिली के दो भाई हैं. वो भी संगीत की दुनिया में अपना करियर बना रहे हैं. सभी बच्चों को उनके दादा और पिता ने संगीत की तालीम दी है. तीनों भाई बहनों को हिंदुस्तानी क्लासिक म्यूजिक के अलावा हारमोनियम और तबला बजाने की भी ट्रेनिंग दी गई है. 

रेखा गुप्ता की बड़ी घोषणा: दिल्लीवासियों को अब देना होगा सिर्फ ₹1,000, पहले लगता था ₹25,000

नई दिल्ली दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पानी बिल पर लेट पेमेंट सरचार्ज माफी योजना की शुरुआत करते हुए बड़ा राहत दी है। 31 दिसंबर तक बिल जमा करने पर लेट पेमेंट सरचार्ज में 100 फीसदी की छूट दी गई है। दिल्ली की मुख्यमंत्री ने एक और बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अब महज एक हजार रुपये में घरेलू कनेक्शन को वैध कराया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने यह भी साफ कर दिया कि अवैध कनेक्शन काटे जाएंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में हजारों अवैध कनेक्शन हैं। ऐसा नहीं हो सकता है कि 2.5 करोड़ की आबादी में केवल 29 लाख कनेक्शन हो। उन्होंने कनेक्शन नियमित कराने पर भारी छूट का ऐलान करते हुए कहा, 'अभी तक अवैध कनेक्शन को नियमित कराने पर 25 हजार रुपये लिया जाता था। अब इसे महज एक हजार रुपये में रेग्युलराइज किया जाएगा। गैर घरेलू कनेक्शन में पेनल्टी 61 हजार रुपये थी, इन्हें महज 5 हजार में नियमित किया जाएगा।' कनेक्शन नियमित नहीं कराने पर इसे काटा जाएगा। पिछली सरकारों ने दिल्ली जल बोर्ड को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने सॉफ्टवेर अपडेट नहीं किया जिसके चलते नए कनेक्शन नहीं दिए। जल विभाग ने इसे अपडेट किया है और अब यह बेहतर तरीके से काम करेगा। जल बोर्ड की सभी आर्थिक शक्ति को उन्होंने जल बोर्ड की जगह अपने पास रखें थे। सीएम ने कहा किआज आधी दिल्ली बिना पानी की पाइपलाइन और अवैध कनेक्शन पर चल रही है। भाजपा सरकार ने दिल्ली जल बोर्ड को आर्थिक शक्ति दी जिससे काम तेज हुआ। इसके अलावा काम को कर्मचारियों में बराबर बांटा गया है। प्रत्येक दो विधानसभा पर एक दफ्तर होगा ताकि बेहतर काम हो सके।

बड़ी खबर: छत्तीसगढ़ में 32 लाख राशन कार्ड निरस्त, ये काम करने पर ही राशन मिलेगा

रायपुर छत्तीसगढ़ में अब 32 लाख राशन कार्ड धारकों को राशन नहीं मिलेगा. राज्य सरकार ने इन हितग्राहियों का राशन कार्ड निरस्त कर दिया है. खाद्य विभाग के सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने कहा, पिछले एक सालों से ये लोग राशन लेने नहीं आ रहे हैं न ही इन लोगों ने केवाईसी हुई है. KYC होने पर फिर से राशन दिया जाएगा. उन्होंने कहा, प्रदेश में लगभग 95 लाख राशन कार्डधारी परिवार हैं. 2 करोड़ 73 लाख राशन हितग्राही हैं, जिसमें से 32 लाख लोगों का राशन कार्ड सस्पेंड किया गया है. नवंबर से नहीं मिलेगा राशन छत्तीसगढ़ में लंबे समय से राशन कार्ड धारकों को E-KYC कराने के लिए कहा जा रहा है. खाद्य विभाग ने फर्जी हितग्राहियों को हटाने के लिए E-KYC कराना अनिवार्य कर दिया है. इसके बावजूद अब तक प्रदेश के 32 लाख हितग्राहियों ने E-KYC नहीं कराया है. ऐसे में माना जा रहा है कि इनमें से ज्यादातर राशन कार्ड फर्जी हो सकते हैं. ऐसे फर्जी हितग्राहियों पर नकेल कसने के लिए 31 अक्टूबर से पहले जो लोग E-KYC नहीं कराएंगे उन्हें नवंबर से मुफ्त राशन का लाभ नहीं मिलेगा. बेहद आसान है E-KYC की प्रक्रिया बता दें कि E-KYC कराना कोई मुश्किल प्रक्रिया नहीं है. अगर एक राशन कार्ड में चार सदस्य हैं और उन्हें अपने कार्ड का E-KYC कराना है तो सभी सदस्यों को अपना आधार कार्ड लेकर अपने क्षेत्र की राशन दुकान में जाना होगा. वहां आधार कार्ड की प्रारंभिक जांच के साथ उनके बायोमेट्रिक की जांच की जाएगी. जैसे ही बायोमेट्रिक के दौरान मिलान हो जाएगा, वैसे ही E-KYC की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी. जनता से राशन छीना जा रहा, ये पूरी तरह षड्यंत्र : कांग्रेस छत्तीसगढ़ में 32 लाख राशन कार्ड निरस्त किए जाने के मामले में कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, नवंबर से करीब 32 लाख परिवारों को राशन नहीं मिलेगा. सरकार का कहना है कि इन परिवारों ने केवाईसी नहीं करवाई है. यह जिम्मेदारी सरकार, खाद्य विभाग या राशन दुकान संचालक किसकी है? सरकार बदलने के बाद खाद्य मंत्री और मुख्यमंत्री ने अपने फोटो राशन कार्ड में लगवाए थे. उस वक्त सभी से आधार कार्ड मांगा गया था, यानी केवाईसी पहले ही हो चुकी थी. अब दोबारा केवाईसी के नाम पर जनता से राशन छीना जा रहा है, जो पूरी तरह षड्यंत्र है.

बिलासपुर मंडल ने भारतीय रेल में बनाया नया रिकॉर्ड, 195 दिनों में 100 मिलियन टन माल लोड

रायपुर/बिलासपुर  दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने यह साबित कर दिया है कि वह भारतीय रेल की रीढ़ है. मंडल ने मात्र 195 दिनों में 100 मिलियन टन माल ढुलाई का अभूतपूर्व लक्ष्य हासिल कर भारतीय रेल के इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित किया है. इससे पहले यह रिकॉर्ड धनबाद मंडल (डीएचएन डिविजन) के नाम था, जिसने 197 दिनों में यह उपलब्धि प्राप्त की थी, जबकि बिलासपुर मंडल का स्वयं का पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 203 दिनों में 100 मिलियन टन माल ढुलाई का था जिसे विगत वित्तीय वर्ष में किया गया था. मगर इस वर्ष बिलासपुर मंडल ने सबसे तेज गति से 100 मिलियन टन माल लोडिंग पूरी कर देश का प्रथम मंडल बनने का गौरव अर्जित किया. इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक राजमल खोईवाल ने पूरे मंडल के रेल कर्मयोगी, लोको पायलटों, कॉमर्शियल एवं ऑपरेटिंग स्टाफ सहित सभी सहयोगी विभागों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता हमारी टीम भावना, समर्पण और सतत प्रयासों का परिणाम है. हम इसी ऊर्जा के साथ भारतीय अर्थव्यवस्था के विकास में अपना योगदान जारी रखेंगे. नियत्रंण कक्ष में कर्मियों ने काटा केक इस उपलब्धि के अवसर पर मंडल नियंत्रण कक्ष के सभाकक्ष में मंडल रेल प्रबंधक राजमल खोईवाल की उपस्थिति में कर्मचारियों द्वारा केक काटकर प्रसन्नता व्यक्त की गई. मंडल रेल प्रबंधक द्वारा अपने सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएँ दी गई एवं बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित किया गया.

कानून की नजर में अधिकारी-कर्मचारी और आमजन सभी समान हैं: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

कानून का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव कानून की नजर में अधिकारी-कर्मचारी और आमजन सभी समान हैं: मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश को अपराध मुक्त बनाने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए हम प्रतिबद्ध हैं: मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिवनी प्रकरण में हुई कार्रवाई पर की मीडिया से चर्चा भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। कानून की नजर में अधिकारी-कर्मचारी और आम जन सभी समान हैं और जो भी गलती करेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सिवनी प्रकरण में लिप्त पुलिस के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों पर कायमी होने के साथ-साथ उनके विरुद्ध कार्रवाई भी की गई है। राज्य सरकार कानून व्यवस्था के प्रति विशेष संवेदनशील है। प्रदेश को अपराध मुक्त बनाने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिवनी हवाला मनी लूट मामले में दोषी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के विरूध एफआईआर दर्ज करने के संबंध में मंत्रालय में मीडिया से चर्चा में यह विचार व्यक्त किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों पर नागरिकों के हित और अधिकारों की सुरक्षा का दायित्व है, उनके द्वारा अमानत में खयानत निंदनीय और अक्षम्य है। जिन पर आम जन को लूट और अपराध से बचाने का दायित्व है यदि वे ही यह करने लगे तो अराजकता फैलेगी। सिवनी प्रकरण में दोषी पाए गए अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश में कानून सबके लिए बराबर है, यह भावना स्थापित करने के लिए यह कार्यवाही मिसाल बनेगी। प्रधानमंत्री  मोदी के नेतृत्व में हम आमजन की बेहतरी और कल्याण के लिए समर्पित हैं। बेहतर कार्य के लिए हम अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहन देंगे लेकिन कोई गलती करेगा तो उसे दण्डित किया जाएगा।  

मध्य प्रदेश की राजस्व वृद्धि पर GST का असर, वसूली में कमी से बजट अनुमान पर उठे सवाल

 भोपाल  प्रदेश को वर्ष 2025-26 में 2,90,879 करोड़ रुपये सभी माध्यमों से मिलने की उम्मीद थी लेकिन जीएसटी की दरों में किए गए सुधार से अनुमान गड़बड़ा सकता है। दरअसल, केंद्रीय करों में प्रदेश का हिस्सा 1,11,662 करोड़ रुपये का है लेकिन जीएसटी की नई दरों के कारण इसमें कमी संभावित है। जीएसटी में अभी प्रदेश को 17 हजार करोड़ रुपये मिले हैं। जबकि, राज्य के करों से 1.31 लाख करोड़ रुपये राजस्व मिलने के अनुमान के विरुद्ध अभी तक 54 हजार करोड़ रुपये ही खजाने में आए हैं। जल जीवन मिशन में भी भारत सरकार से राशि नहीं मिल रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मंत्रालय में राजस्व से जुड़े विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और अधिकारियों को लक्ष्य पूर्ति के लिए प्रयास करने के निर्देश दिए। प्रदेश सरकार ने 2025-26 के बजट में केंद्रीय करों में 17 और राज्य के करों में 11 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान लगाया है। जीएसटी से 32,705 करोड़ और राज्य के जीएसटी से 42,140 करोड़ रुपये मिलना अनुमानित है लेकिन अब यह आंकड़ा गड़बड़ा सकता है। सूत्रों का कहना है कि जीएसटी की नई दरों से प्रदेश को लगभग साढ़े आठ हजार करोड़ रुपये के राजस्व का घाटा हो सकता है। बैठक में प्रदेश को विभिन्न करों के माध्यम से प्राप्त हुए राजस्व, वित्तीय वर्ष की शेष अवधि की संभावना और लक्ष्य को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान बताया गया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत एकल नल जल योजना की लागत में हुई वृद्धि भारत सरकार ने देने से इन्कार कर दिया है। चूंकि, कार्य प्रारंभ हो चुका है इसलिए राज्य के बजट से लगभग तीन हजार करोड़ रुपये अतिरिक्त दिए गए हैं। अभी भी भारत सरकार से राशि नहीं मिल रही है, जिसके कारण वित्तीय प्रबंधन गड़बड़ा रहा है। अधिकारियों से कहा गया कि वे राजस्व प्राप्ति के लक्ष्य पर काम करें। साथ ही यह भी देखें कि कहां से अतिरिक्त राशि प्राप्त हो सकती है। भारत सरकार के स्तर पर जो मामले लंबित हैं, उन पर ध्यान दें।

जनगणना की तैयारी तेज़: छत्तीसगढ़ के शहरी क्षेत्रों में प्री-टेस्ट का काम शुरू

रायपुर नगर निगम रायपुर के जोन क्रमांक 10 के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 25 डॉ. राजेन्द्र प्रसाद वार्ड को छत्तीसगढ़ में जनगणना के लिए नगरीय क्षेत्र में प्री टेस्ट जनगणना पूर्व परीक्षण के लिए चयनित किया गया है। यह चयन भारत सरकार गृह मंत्रालय जनगणना कार्य निदेशालय के आदेशानुसार किया गया है। नगर निगम जोन 10 के राजस्व विभाग और नगर निवेश विभाग की टीम वार्ड क्रमांक 52 क्षेत्र में स्थित सभी लगभग 8000 जनगणना भवनों में भवन संख्या डालने और भवनों को सूचीबध्द करने का काम प्रारंभ कर दी है। रायपुर नगर निगम के आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर नगर निगम जोन 10 के जोन कमिश्नर विवेकानंद दुबे के नेतृत्व एवं नोडल अधिकारी सहायक अभियंता योगेश यदु, सहायक नोडल अधिकारी जोन सहायक राजस्व अधिकारी गौरीशंकर साहू की उपस्थिति में काम किया जा रहा है। रायपुर नगर निगम ने जोन 10 के डॉ. राजेन्द्र प्रसाद वार्ड क्रमांक 52 क्षेत्र की सभी रहवासी जनता से प्री टेस्ट जनगणना पूर्व परीक्षण के कार्य में टीम को सहयोग देने की अपील की है। भारत सरकार गृह मंत्रालय जनगणना कार्य निदेशालय के आदेशानुसार जनगणना निदेशक ने प्रदेश में जनगणना के लिए नगरीय क्षेत्र में प्री टेस्ट जनगणना पूर्व परीक्षण के लिए 17 अक्टूबर 2025 को जनगणना निदेशालय में आवश्यक बैठक बुलाई है।